बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर 15 और 16 नवंबर को छठ पूजा आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. अदालत ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 25 धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार देता है, लेकिन यह अधिकार सार्वजनिक व्यवस्था, नैतिकता और स्वास्थ्य संबंधी संवैधानिक प्रतिबंधों के अधीन है.
जस्टिस अद्वैत एम. सेठना और जस्टिस रणजितसिंह राजा भोंसले की अवकाशकालीन पीठ ने सोमवार को मिथिला छठ पूजा संघ की याचिका पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की. संगठन ने गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा के लिए मंच बनाने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने की अनुमति मांगी थी. इसके लिए 15 नवंबर को दोपहर तीन बजे से 16 नवंबर को सुबह आठ बजे तक का समय प्रस्तावित था.
पीठ ने अपने आदेश में कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार के साथ कुछ संवैधानिक संतुलन और शर्तें भी जुड़ी हैं, जिनका पालन करना जरूरी है.
पुलिस ने अनुमति देने से किया था इनकार
याचिकाकर्ता संगठन ने बताया कि संबंधित पुलिस थाने ने 17 सितंबर को छठ पूजा के आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. पुलिस के अनुसार, हाईकोर्ट के निर्देश पर गिरगांव चौपाटी में होने वाले आयोजनों की निगरानी के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित है. यहां गणेशोत्सव, नवरात्रि, रामलीला, कृष्णलीला और क्रिसमस जैसे निर्धारित आयोजनों को ही अनुमति दी गई है. अन्य कार्यक्रमों के लिए संबंधित विभागों की मंजूरी जरूरी है.
संगठन ने यह भी कहा कि उसने 7 अक्टूबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अनुमति मांगी थी, लेकिन इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया.
2018 के आदेश का दिया हवाला
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने 21 जून 2018 को आदर्श चौपाटी प्रगति मंडल बनाम महाराष्ट्र सरकार मामले में हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश का हवाला दिया. इसके तहत गिरगांव चौपाटी पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को 300×150 वर्ग फुट के निर्धारित क्षेत्र तक सीमित रखा गया है. साथ ही, समुद्र तट पर आयोजन या अस्थायी ढांचे के निर्माण की अनुमति से जुड़े मामलों में अदालत द्वारा गठित निगरानी समिति को पक्षकार बनाना अनिवार्य है.
पीठ ने याचिकाकर्ता से निगरानी समिति की अनुमति के बारे में पूछा, लेकिन उसके वकील की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
अदालत ने छठ पूजा के लिए कोई वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश देने से भी इनकार कर दिया. हालांकि, संगठन को कानून के तहत उपलब्ध अन्य उपाय अपनाने की छूट दी है.


