लातेहार। लक्ष्मी पूजा के अवसर पर गांव में उत्सव का माहौल था. आसपास के लोग पूजा और ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के आरा गांव के अहूरवा और ओजा टोला में चोरों ने सुनसान घरों को निशाना बनाया.
सोमवार की रात परिवारों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने छह घरों के ताले तोड़ दिए और लाखों रुपये के जेवरात, नकदी समेत महिला समूह की जमा राशि लेकर फरार हो गए. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.
लक्ष्मी पूजा में गए थे परिवार
पीड़ित परिवारों के अनुसार, सोमवार की रात सभी लोग अपने-अपने घरों में ताला लगाकर पास के चमातू गांव में लक्ष्मी पूजा के अवसर पर आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने गए थे. घरों में किसी की मौजूदगी नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने एक के बाद एक छह बंद घरों को निशाना बनाया और ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया.
इस दौरान कमल गंझू, ननकू गंझू, दीनू गंझू, चरकू गंझू, महेंद्र गंझू और राजेश साव के घरों में चोरी हुई. चोर घरों में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. चोरी की जद में महिला समूह की जमा राशि भी आ गई.
पुलिस ने शुरू की जांच, चोरों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद बालूमाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने चोरी से प्रभावित सभी छह घरों का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है.
एक ही रात में छह घरों में चोरी की घटना से आरा गांव के अहूरवा और ओजा टोला के लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर भी चिंता है कि चोरों ने एक साथ इतने घरों को निशाना कैसे बनाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Also Read : झारखंड : अंकिता तिवारी सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में कोच नियुक्त


