पलामू : जिले में सोमवार की रात पूजा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग इलाकों में हिंसक घटनाएं हुईं. रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा में लक्ष्मी पूजा के दौरान दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद पुलिस के साथ झड़प तक पहुंच गया. भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें चार जवान घायल हो गए.
हालात बेकाबू होने पर पुलिस को बचाव में करीब चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी. दूसरी ओर, सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में काली पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ. यहां पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. रेहना थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सुबह से छापेमारी कर रही है.
रकसाहा में पुलिस को घेरा, पथराव में चार जवान घायल
दरअसल, मामला रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा की है. सोमवार की देर रात लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे बजाने समेत अन्य कारणों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ. इसकी सूचना मिलने पर रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया. इसी दौरान भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई.
अचानक बिगड़े हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब चार राउंड फायरिंग की. घटना में कुछ ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं. हालांकि, उनके नाम और घायलों की संख्या की जानकारी नहीं मिल सकी है.
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने जोहार लाइव को बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. मंगलवार सुबह से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. फिलहाल इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है. घटना के बाद स्थिति सामान्य होने पर पूजा का विसर्जन भी कराया गया.
इस तरह का मामला सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में भी देखने को मिला. काली पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. यहां डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव तक पहुंच गया. बताया जाता है कि गांव में एक पक्ष लंबे समय से काली पूजा का आयोजन करता रहा है, जबकि दूसरे पक्ष ने इस साल पहली बार पूजा की थी.
पहली बार पूजा आयोजित करने वाले पक्ष ने विसर्जन कर दिया था. इसके बाद पुराने पूजा आयोजक पक्ष के लोग विसर्जन कर रहे थे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई. दोनों ओर से पथराव होने लगा.
सूचना मिलने पर डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. बीच-बचाव के दौरान भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया. इस घटना में पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है.


