जोहार लाइव ब्यूरो
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने महाराष्ट्र ISIS आतंकी मॉड्यूल मामले में आरोपी डॉ.अदनानअली सरकार को दोषी ठहराए जाने में सफलता हासिल की है. मुंबई की विशेष अदालत (एनआईए) ने उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UA(P) Act) की धारा 13, 18, 20, 38 और 39 तथा भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 201 और 120-बी के तहत दोषी करार दिया.
अदालत ने डॉ. सरकार को अधिकतम 6 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई. इसके साथ ही उस पर कुल 65,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
गृह मंत्रालय की सूचना पर दर्ज हुआ था केस
एनआईए की मुंबई शाखा ने यह मामला 28 जून 2023 को स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज किया था. गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, ISIS के सदस्य भारत की एकता, अखंडता, सुरक्षा और संप्रभुता को खतरे में डालने की साजिश रच रहे थे.
अंतरराष्ट्रीय संपर्कों वाली बड़ी साजिश का खुलासा
जांच में सामने आया कि यह एक बड़ी साजिश थी, जिसके तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े थे और जिसमें विदेश में बैठे ISIS हैंडलर शामिल थे. आरोपी
ISIS की कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार,
संगठन के लिए भर्ती,
आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाना,ISIS की प्रचार पत्रिकाओं ‘वॉयस ऑफ हिंद’ और ‘वॉयस ऑफ खुरासान’ का वितरण करता था.
कुल 6 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट
इस मामले में NIA ने कुल छह आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था. इसमें
तबीश नासिर सिद्दीकी
जुल्फिकार अली बरोदावाला उर्फ लालाभाई
शरजील शेख
आकिफ अतीक नाचन
जुबैर नूर मोहम्मद शेख उर्फ अबू नुसैबा
डॉ. अदनान अली सरकार
विशेष अदालत ने चार्जशीट की धाराओं के अनुसार सभी छह गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे. सभी छह आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.बाकी 5 आरोपियों पर मुकदमा जारी है.डॉ. सरकार को सजा मिलने के बाद शेष पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई जारी रहेगी.
Also Read : जोहार लाइव इंवेस्टिगेशन भाग-10: झारखंड के 133 संदिग्ध आतंकी ट्रेसलेस, इसमें अल कायदा से सिमी तक के लोग शामिल


