जोहार लाइव ब्यूरो
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 19 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है. इस राष्ट्रीय टीम में झारखंड की तीन बेटियों ने जगह बनाकर राज्य का मान बढ़ाया है. स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कप्तानी की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. घोषित भारतीय टीम में झारखंड की तीन प्रमुख खिलाड़ियों को शामिल किया गया है.
- सलीमा टेटे: मिडफील्डर एवं भारतीय टीम की कप्तान
- निक्की प्रधान: अनुभवी डिफेंडर
- ब्यूटी डुंगडुंग: फॉरवर्ड खिलाड़ी
सिमडेगा और खूंटी की बेटियों का दबदबा
अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपनी चमक बिखेरने वाली सिमडेगा जिले की सलीमा टेटे और ब्यूटी डुंगडुंग ने भारतीय हॉकी में अपनी खास पहचान बनाई है. सलीमा टेटे का कप्तान बनना झारखंड की महिला हॉकी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. वहीं, अनुभवी डिफेंडर निक्की प्रधान लंबे समय से भारतीय टीम की रीढ़ की हड्डी रही हैं.
हाल ही में जापान में आयोजित एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उतर रही है. ऐसे में भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम अपने खिताब की रक्षा (Title Defense) के इरादे से मैदान में उतरेगी.
झारखंड की तीनों खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी झारखंड समेत खेल प्रेमियों ने सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और पूरी भारतीय टीम को जीत के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं.
Also Read : झारखंड : खूंटी में 14 नवंबर से शुरू होगा महुआ फेस्टिवल, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान का दिखेगा संगम


