झारखंड के युवा वेटलिफ्टर लाल रूद्र अब राष्ट्रीय मंच पर दमखम दिखाएंगे. सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) के इस छात्र का चयन नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है. शिलांग में आयोजित ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है.
राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में किया जाएगा. इसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों के चयनित वेटलिफ्टर हिस्सा लेंगे. लाल रूद्र को इस प्रतियोगिता में अपनी ताकत, तकनीक और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा.
लाल रूद्र की इस उपलब्धि पर सीयूजे के कुलपति प्रो. सारंग मेधेकर ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी सफलताएं पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय हैं. खेलकूद से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष करने की क्षमता और टीम भावना विकसित होती है.
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि लाल रूद्र राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करेंगे और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे.
लाल रूद्र के राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में उत्साह है. ईस्ट जोन स्तर की प्रतियोगिता में भागीदारी के बाद राष्ट्रीय स्पर्धा तक पहुंचना उनके खेल सफर की अहम उपलब्धि है.
अब भुवनेश्वर में होने वाली प्रतियोगिता में लाल रूद्र के प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी. विश्वविद्यालय परिवार को उम्मीद है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड और सीयूजे की पहचान मजबूत करेंगे.
Also Read : झारखंड : रोजगार के लिए गए थे बिहार : बनाए गए बंधक, हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद हुई घर वापसी


