रांची/बोकारो : बोकारो सेक्टर-4 स्थित SAIL ग्राउंड में BDCA की कार्यप्रणाली के खिलाफ खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन का नेतृत्व सुदेश कुमार पांडेय ने किया. युवा कांग्रेस के नितीश भारद्वाज ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया.
प्रदर्शनकारियों ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) से स्वतंत्र टीम भेजकर बोकारो जिला क्रिकेट संघ (BDCA) की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उनका कहना था कि बोकारो के योग्य स्थानीय खिलाड़ियों को जिला और राज्य स्तर पर खेलने का निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए.
प्रदर्शनकारियों ने BDCA से जुड़े खिलाड़ियों की पात्रता और उनके स्थानीय या बाहरी होने की स्थिति की जांच कराने की मांग की. इसके अलावा चयन प्रक्रिया की समीक्षा, BPL में खिलाड़ियों से ली गई राशि के वित्तीय रिकॉर्ड की जांच तथा स्थानीय क्रिकेट क्लबों और अकादमियों को नियमानुसार मान्यता और अवसर देने की मांग उठाई.
BDCA के चुनाव की समीक्षा की भी मांग
प्रदर्शनकारियों ने BDCA की चुनाव प्रक्रिया की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि जांच में किसी तरह की वित्तीय या प्रशासनिक अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए.
सुदेश कुमार पांडेय ने कहा कि यह मांग किसी व्यक्ति या खिलाड़ी के खिलाफ नहीं है. इसका उद्देश्य बोकारो के स्थानीय खिलाड़ियों को पारदर्शी चयन प्रक्रिया और आगे बढ़ने का समान अवसर दिलाना है. प्रदर्शनकारियों ने JSCA और संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की अपील की.
Also Read : झारखंड : अंकिता तिवारी सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में कोच नियुक्त


