जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल पर राज्य में कैंसर मरीजों को आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिलने जा रही है. राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) द्वारा कैंसर से जुड़ी 137 गैर-अनुसूचित दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत तय किए जाने के बाद, इन जीवनरक्षक दवाइयों की कीमतों में 50% से 75% तक की भारी गिरावट आई है. यह नई व्यवस्था पूरे देश के साथ-साथ झारखंड में भी प्रभावी हो चुकी है.
दो प्रमुख कैंसर दवाओं के दामों में ऐतिहासिक कमी:
-
PALBACE PRO (Palbociclib): स्तन कैंसर के इलाज में काम आने वाली इस दवा की कीमत जो पहले लगभग ₹41,000 थी, वह घटकर अब मात्र ₹2,700 रह गई है.
-
ABIROW (Abiraterone): प्रोस्टेट कैंसर के उपचार में उपयोग होने वाली इस दवा की कीमत ₹45,000 से घटकर सीधे ₹4,000 हो गई है.
कैंसर के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में CT Scan और PET-Scan मशीनें स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया है कि उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कैंसर की जांच के लिए राज्य के किसी भी गरीब मरीज को रांची या अन्य बड़े शहरों के चक्कर न काटने पड़ें. जिला स्तर पर ही कैंसर स्क्रीनिंग और शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान की व्यवस्था मजबूत की जा रही है, ताकि समय पर उचित इलाज मिल सके.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते वे मरीजों और उनके परिजनों की पीड़ा को भली-भांति समझते हैं. महंगे इलाज के कारण गरीब परिवारों को अपनी जमीन और संपत्ति तक बेचनी पड़ती है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि झारखंड में पैसे के अभाव में किसी भी नागरिक का इलाज न रुके और हर व्यक्ति तक सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें.
Also Read : सीएम सम्राट का कड़ा रुख,एक झटके में 15 अफसरों और कर्मियों को किया निलंबित…जानें पूरा मामला


