खूँटी। छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खूँटी पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. बुधवार, 11 नवंबर को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और खूँटी थाना प्रभारी ने शहर के प्रमुख तालाबों एवं छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, सुचारु यातायात व्यवस्था और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा. इसके अलावा श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया गया.
गहरे पानी में जाने पर रहेगी रोक
तालाबों के जलस्तर और गहराई को ध्यान में रखते हुए गहरे पानी वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग करने और चेतावनी संकेतक लगाने का निर्देश दिया गया है. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए घाटों पर गोताखोरों और बचाव दल की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया है.
पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर रहकर पूजा और अर्घ्य अर्पित करने की अपील की है. उन्होंने बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी में नहीं जाने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा घाटों पर भीड़ और धक्का-मुक्की से बचने की सलाह दी है.
पुलिस ने श्रद्धालुओं से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है. खूँटी पुलिस ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने में आम लोगों से सहयोग मांगा है.


