जोहार लाइव ब्यूरो
निशा भगत प्रकरण में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीबीआई से जांच कराने का आदेश दिया है. अब पूरे मामले की जांच सीबीआई की टीम करेगी. इधर, पिठोरिया थाना में दर्ज प्राथमिकी के अभियुक्त और केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने जोहार लाइव से पूरे मामले को लेकर खुलकर बातचीत की. अजय तिर्की का कहना है कि भाजपा ने पहले आसमान पर चढ़ाया और फिर अकेला छोड़ दिया.
अजय तिर्की ने कहा कि भाजपा से जुड़े पूर्व राज्यपाल सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कारण आज निशा आत्महत्या करने को विवश हुई है. जोहार लाइव के पास निशा की आत्महत्या को लेकर एक नया वीडियो भी हाथ लगा है, जिसमें निशा फंदे से लटकने से पूर्व बोल रही है कि मुझे किसी ने दबाव नहीं दिया है, ना ही किसी ने प्रभावित किया है.
पूर्व राज्यपाल सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर अजय तिर्की ने लगाया आरोप
अजय तिर्की ने ओडिशा के पूर्व राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि रघुवर दास ही निशा भगत को गुमला से रांची लेकर आए थे. कांके रोड में एक फ्लैट में निशा को रखा गया था. उस फ्लैट में निशा को हर तरह की सुख-सुविधा उपलब्ध करवाया गया था.
इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण से चार बाउंसर को रखा गया था. निशा को गुमला से रांची लाने का सिर्फ एक ही उद्देशय था कि राज्य में सरना और ईसाई को आपस में लड़वाना था. निशा को दोनों समुदाय के बीच विभाजन की राजनीति के लिए आगे किया जा रहा था. उन्होंने दावा किया कि बाद में जब निशा भगत भाजपा के लिए उपयोगी नहीं रह गईं, तो निशा भगत को अकेला छोड़ दिया गया.
अजय ने कहा कि निशा भगत की अंतिम दिनों की स्थिति बेहद खराब थी. वह पिठौरिया में एस्बेस्टस की छत वाले एक मकान में रह रही थीं. घर में शौचालय में दरवाजा तक नहीं था. आसमान से सीधे जमीन पर पटक देने के कारण निशा डिप्रेशन में रहने लगी और अपने जीवन को समाप्त करने का निणेय लिया था.
अजय तिर्की ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोग एक बार फिर आदिवासी समाज में सरना बनाम ईसाई का मुद्दा खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे. इसके लिए निशा उरांव को आगे बढ़ाया जाने लगा था. उनका दावा है कि इस घटनाक्रम से भी निशा भगत को मानसिक रूप से झटका लगा होगा. हालांकि, निशा भगत की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए जांच और अन्य तथ्यों का सामने आना जरूरी है.
सोशल मीडिया पर दोनों के बीच भी हुई थी तीखी बयानबाजी
निशा भगत की मौत के बाद अजय तिर्की का पुराना सोशल मीडिया बयान भी चर्चा में है. बताया जा रहा है कि उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर निशा भगत को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. वहीं, आत्महत्या से पहले निशा भगत भी सोशल मीडिया पर लाइव आई थीं और उन्होंने अपने बयान में अजय तिर्की का नाम लिया था.
इस पर अजय तिर्की ने कहा कि जिन लोगों में आलोचना और विरोध सहने की क्षमता नहीं है, उन्हें सामाजिक और राजनीतिक जीवन में नहीं आना चाहिए. उनके मुताबिक, निशा भगत भी सोशल मीडिया पर किसी को नहीं छोड़ती थीं. वह मुख्यमंत्री समेत कई राजनीतिक और सार्वजनिक व्यक्तियों के बारे में खुलकर बोलती थीं. उन्होंने भाजपा और आरएसएस के लोगों की भी आलोचना की थी.
अजय तिर्की ने कहा कि निशा भगत के साथ उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी. उनके बीच संघर्ष विचारधारा को लेकर था. उन्होंने बताया कि दोनों के बीच प्रत्यक्ष रूप से सिर्फ एक बार कोकर में कहासुनी हुई थी. इसके बाद न तो उनकी निशा भगत से मुलाकात हुई और न ही फोन पर कोई बातचीत हुई.
उन्होंने कहा कि निशा भगत आदिवासी समाज की बेटी थीं. उनकी मौत से वह भी दुखी और मर्माहत हैं. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी की मौत को राजनीतिक मुद्दा बनाकर मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को घेरने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. भाजपा इस मामले के बहाने सरकार को अस्थिर करना चाहती है, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है.
Also Read : बेटी के हत्यारों को जेल पहुंचाकर रहूंगा, निशा के पिता ने सीबीआई जांच से जताई न्याय की उम्मीद


