गुवाहाटी। असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया. कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और कई डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसे में सात यात्रियों के घायल होने की खबर है. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे हुई. ट्रेन को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए डिगारू स्टेशन पर लिया जा रहा था. इसी दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो सकी और इंजन के साथ पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे. पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल परिचालन सामान्य करने का काम शुरू किया गया. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई.
इस दुर्घटना के कारण पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल परिचालन प्रभावित हुआ है. असम के अलावा मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है. कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की व्यवस्था की गई है.
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के प्रवक्ता कपिंजल किशोर शर्मा के शुरुआती बयान के अनुसार, ट्रेन को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए स्टेशन पर लिया जा रहा था. इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके.
Also Read : झारखंड : SIR में लापरवाही पर सख्ती, तीन दिन में सुधार नहीं तो बुंडू के LRDC-CO होंगे सस्पेंड


