निशा भगत के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने पर उनके पिता हांदू भगत ने संतोष जताया है. उन्होंने कहा कि अब सबसे महत्वपूर्ण यह होगा कि जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़े और मामले की सच्चाई सामने आए.
हांदू भगत ने कहा कि निशा भगत के मामले में सीबीआई जांच की मांग लगातार उठ रही थी. समाज के विभिन्न वर्गों की ओर से इसकी आवाज बुलंद की जा रही थी और पूरे राज्य में इस मामले को लेकर आक्रोश था. ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा सीबीआई जांच की अनुशंसा करना न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि सीबीआई मामले की गंभीरता से जांच करेगी और निशा भगत के पीछे कथित तौर पर साजिश रचने वालों को बेनकाब करेगी. उन्होंने कहा कि निशा निडर और साहसी वक्ता थीं. वह धर्मांतरण, भू-माफिया और सरना-सनातन समाज को एकजुट करने जैसे मुद्दों पर सक्रियता से काम कर रही थीं. इन मुद्दों पर संघर्ष करते हुए उन्होंने अपनी जान गंवाई.
हांदू भगत ने कहा कि जिन लोगों ने निशा को आत्महत्या के लिए उकसाने या इस घटना की साजिश रचने में भूमिका निभाई है, उन्हें सामने लाकर जेल भेजा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि निशा की आत्मा को शांति मिले और समाज के लिए उन्होंने जो काम किए तथा जो सपने अधूरे छोड़ गईं, उन्हें जनसहयोग से पूरा किया जाए.
उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू से उम्मीद थी कि इस मामले की सीबीआई जांच होगी. अब जांच की अनुशंसा के बाद उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है. हालांकि, उन्होंने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग भी की है.
Also Read : निशा भगत आत्महत्या मामला: CBI जांच के आदेश, जानिए मौत से पहले क्या हुआ और अब तक किसने क्या मांग की


