आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता और नेत्री निशा कुमारी भगत की मौत का मामला अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हवाले होगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 नवंबर को मामले की CBI जांच कराने के निर्देश दिए हैं. पिछले चार दिनों से इस मामले में राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर लगातार सवाल उठ रहे थे. परिजनों ने भी शुरुआत से ही CBI जांच की मांग की थी.
इस मामले में भाजपा, आजसू, जेएलकेएम और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए थे. खास तौर पर निशा के आखिरी फेसबुक लाइव, पिता की लिखित शिकायत और प्राथमिकी में नामों के कथित अंतर को लेकर विवाद हुआ.
क्या है पूरा मामला?
निशा कुमारी भगत झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता थीं. उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव में जेएलकेएम के टिकट पर गुमला सीट से चुनाव भी लड़ा था.
6 नवंबर 2026 को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर उनकी मौत हो गई. उन्होंने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
मौत से कुछ समय पहले निशा ने फेसबुक पर करीब 11 मिनट का लाइव वीडियो किया था. इस वीडियो में उन्होंने अपनी परेशानियों, कथित प्रताड़ना, जमीन विवाद, भू-माफियाओं और पुलिस-प्रशासन की भूमिका को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे.
लाइव के दौरान उन्होंने अपने माता-पिता से माफी भी मांगी थी. उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात बताई थी. पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
निशा ने फेसबुक लाइव में क्या आरोप लगाए थे?
निशा ने अपने आखिरी फेसबुक लाइव में आरोप लगाया था कि जमीन से जुड़े विवाद और कुछ लोगों की कथित प्रताड़ना के कारण वह परेशान थीं.
उनके आरोपों में प्रमुख रूप से ये बातें सामने आईं:
- जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा कथित तौर पर परेशान किया जाना.
- आदिवासी जमीन और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने के कारण दबाव.
- सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने की कथित कोशिश.
- पुलिस और प्रशासन से शिकायत के बावजूद अपेक्षित मदद नहीं मिलना.
CBI जांच की मांग सबसे पहले किसने की?
CBI जांच की मांग किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार और अलग-अलग राजनीतिक दलों एवं संगठनों ने उठाई थी.
- निशा के माता-पिता: 7 नवंबर को निशा की मां ने CBI जांच की मांग की. पिता हांदू भगत ने भी कहा कि उनकी बेटी की मौत के पीछे साजिश की आशंका है और प्रभावशाली लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए.
- बाबूलाल मरांडी: भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने CBI जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग भी उठाई.
- अर्जुन मुंडा: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी मामले की CBI जांच और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
- जयराम महतो: डुमरी विधायक और जेएलकेएम प्रमुख ने 6 नवंबर को ही SIT गठित करने और CBI से जांच कराने की मांग की थी.
- संजय सेठ: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने पिठोरिया थाना प्रभारी की गिरफ्तारी और CBI जांच की मांग की.
- आजसू प्रमुख सुदेश महतो: परिजनों से मुलाकात के बाद उन्होंने भी CBI जांच की मांग की और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए.
पिता की शिकायत और FIR में नामों को लेकर विवाद
इस मामले में सबसे गंभीर सवाल प्राथमिकी को लेकर उठे. निशा के पिता हांदू भगत ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में तीन लोगों के नामों का उल्लेख किया था:
- अजय तिर्की
- ज्योत्सना केरकेट्टा
- पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय
परिवार की शिकायत के अनुसार, इन लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए. लेकिन प्राथमिकी में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के नाम शामिल किए गए, जबकि थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय का नाम आरोपी के रूप में शामिल नहीं किया गया.
इस अंतर को लेकर परिवार और राजनीतिक नेताओं ने सवाल उठाए. आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने भी इसी आधार पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए.
जाँच प्रभावित न हो इसके लिए पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को उनके पद से हटा दिया गया. उन्हें लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने 10 नवंबर को आयोग ने मीडिया रिपोर्टों के आधार पर स्वतः संज्ञान लिया. आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और रांची के एसएसपी को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है.
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी मामले में स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग ने राज्य सरकार से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है.
Also Read : निशा भगत आत्महत्या मामले की CBI जांच होगी, CM हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश


