जोहार लाइव ब्यूरो
रांची. निशा भगत के पिता हांदू भगत ने राज्य सरकार की ओर से मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने के बाद न्याय मिलने की उम्मीद जताई है. उन्होंने कहा कि उन्हें सीबीआई पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि एजेंसी निष्पक्ष जांच कर असली गुनहगारों को सामने लाएगी. उन्होंने निशा द्वारा बताए गए अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और पिठोरिया थाना प्रभारी की भूमिका की जांच कर उन्हें अभियुक्त बनाने की मांग की है. हांदू भगत ने जोहार लाइव से बातचीत में आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि साजिश के तहत उसकी हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है.
हांदू भगत ने कहा कि सीबीआई को निशा के मोबाइल फोन की भी गहन जांच करनी चाहिए. मोबाइल में मौजूद बातचीत, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को साइबर जांच के जरिए सामने लाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि निशा ने जिन लोगों के नाम बताए हैं, उनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए और साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि उचित जांच करते हुए निशा के द्वारा बताए गए लोगों को अभियुक्त बनाया जाएगा और उन्हें जेल के शिकंजे में डाला जाएगा. तभी असली गुनहगारों को पकड़ा जा सकेगा.”
निशा की मौत को हत्या बताते हुए रूपा तिर्की मामले से की तुलना
हांदू भगत ने अपनी बेटी की मौत को हत्या बताते हुए आरोप लगाया कि इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई है. उन्होंने इसकी तुलना रूपा तिर्की की मौत के मामले से की. उनका आरोप है कि निशा की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटकाया गया.
उन्होंने निशा के लाइव वीडियो और उसके बाद की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए. हांदू भगत के मुताबिक, जब निशा का वीडियो लाइव चल रहा था, तब उसने कहा था कि उसके पिताजी का फोन आ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद निशा पर दबाव बनाकर उसे बुलवाया गया और उसे अपने पिता से बात नहीं करने दी गई. उनका कहना है कि कुछ लोग पर्दे के पीछे रहकर पूरे घटनाक्रम को संचालित कर रहे थे.
पुलिस की कार्रवाई और मोबाइल वीडियो को लेकर उठाए सवाल
हांदू भगत ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटनास्थल पर हुई पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं की गई. उन्होंने सवाल किया कि अगर निशा ने लाइव वीडियो के दौरान आत्महत्या की थी, तो उसका पूरा वीडियो कहां है? उनके अनुसार, मोबाइल में ऐसा वीडियो मौजूद नहीं होना भी कई सवाल खड़े करता है. उन्होंने मांग की कि सीबीआई मोबाइल फोन के सभी डिजिटल साक्ष्यों की जांच करे, ताकि घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ सके.
उन्होंने कहा कि निशा को सोशल मीडिया पर ट्रोल करने, परेशान करने और धमकाने वाले लोगों की भी पहचान होनी चाहिए. जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. हांदू भगत ने कहा कि उनका उद्देश्य है कि इस मामले में पर्दे के पीछे शामिल लोगों का भी खुलासा हो और किसी भी दोषी को बचने का मौका नहीं मिले.
भू-माफिया और डीलिस्टिंग के मुद्दों पर सक्रिय थीं निशा
हांदू भगत ने निशा की सामाजिक और राजनीतिक सक्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि वह आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठा रही थी. वह कथित भू-माफियाओं और अजय तिर्की जैसे लोगों के खिलाफ मुखर थी. इसके अलावा धर्मांतरण और डीलिस्टिंग जैसे मुद्दों पर भी आंदोलन कर रही थी. पिता ने आशंका जताई कि निशा की सक्रियता से कुछ प्रभावशाली लोग नाराज थे और इसी वजह से उसके खिलाफ साजिश रची गई हो सकती है. उन्होंने इस मामले में सरकार की भूमिका होने की भी आशंका जताई.
उन्होंने कहा कि निशा का उद्देश्य झारखंड के आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा करना था. वह भगवान बिरसा मुंडा की अनुयायी थी और उनके विचारों और संघर्ष के रास्ते पर चलती थी. जल, जंगल और जमीन के सवालों को लेकर उसकी प्रतिबद्धता थी. हांदू भगत ने कहा कि निशा ने आदिवासी समाज के लिए अपनी आवाज बुलंद की और अब उसके पिता होने के नाते उन्होंने भी उसकी आवाज को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है.
न्याय के लिए आंदोलन जारी रखने का संकल्प
हांदू भगत ने कहा कि निशा को न्याय दिलाना अब उनके जीवन का संकल्प है. सीबीआई जांच से उन्हें उम्मीद है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि जब तक निशा को न्याय नहीं मिलता, तब तक वह सरकार पर दबाव बनाने के लिए आंदोलन करते रहेंगे. उनका कहना है कि जांच में निशा को ट्रोल करने, प्रताड़ित करने और कथित साजिश में शामिल लोगों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए.
उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि उन्हें सीबीआई जांच पर भरोसा है और उम्मीद है कि जांच एजेंसी मोबाइल के डिजिटल साक्ष्यों, निशा के बयानों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर वास्तविक दोषियों तक पहुंचेगी.
Also Read : निशा भगत आत्महत्या मामला: CBI जांच के आदेश, जानिए मौत से पहले क्या हुआ और अब तक किसने क्या मांग की


