जोहार लाइव ब्यूरो
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद के एक बयान ने देश में नई धार्मिक और राजनीतिक बहस छेड़ दी है. आजाद ने अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने से साफ इनकार करते हुए भगवान राम द्वारा माता सीता का त्याग किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं. उनके इस बयान के बाद रामायण के प्रसंगों और धार्मिक आस्था को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है.
कीर्ति आजाद ने अपने बयान में कहा, “भगवान राम ही क्या देश के 3,200 करोड़ देवी-देवताओं में एकमात्र देवता हैं? मैं राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा, क्योंकि भगवान राम ने अग्निपरीक्षा के बाद भी अपनी पत्नी को छोड़ दिया और मां सीता को घर से निकाल दिया.”
उन्होंने भगवान राम को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ कहे जाने पर भी सवाल उठाया और कहा कि मां सीता मिथिला की बेटी थीं तथा मिथिला के हर व्यक्ति के लिए मां के समान हैं. आजाद ने पूछा कि जब मां सीता ने अपनी पवित्रता साबित करने के लिए अग्निपरीक्षा दे दी थी, तो फिर उन्हें गर्भावस्था के दौरान जंगल क्यों भेजा गया?
“क्या राम मंदिर जाना ही हिंदू होने का प्रमाण है?”
अपनी धार्मिक आस्था पर बात करते हुए TMC सांसद ने कहा कि वह मां कामाख्या, मां काली और दक्षिणा काली के अनन्य भक्त हैं. वह दिल्ली के गोल मार्केट स्थित काली मंदिर और कोलकाता के कालीघाट मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना करते हैं.
उन्होंने सवाल किया, “क्या राम मंदिर न जाने का मतलब यह है कि मैं हिंदू नहीं हूं?” आजाद ने जोर देकर कहा कि मां सीता मिथिला की बेटी हैं और उनके सम्मान तथा स्वाभिमान के लिए आवाज उठाना उनका अधिकार है.
कीर्ति आजाद का यह बयान ऐसे समय में आया है जब समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) लगातार हमलावर है. आजाद की इस टिप्पणी ने न केवल धार्मिक आस्था और रामायण के उत्तरकांड के प्रसंगों पर चर्चा छेड़ दी है, बल्कि आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी बयानबाजी को तेज कर दिया है.
Also Read : असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत कई डिब्बे पटरी से उतरे, सात यात्री घायल


