बुढ़मू: थाना क्षेत्र के राय रोड स्थित चौकी टॉड के समीप झीलया नदी के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. कोयला लदे एक एलपी ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में लेते हुए दोनों युवकों को कुचल दिया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो (35 वर्ष) एवं प्रकाश महतो (24 वर्ष) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने गांव दूंडुवा पांडे मोड़, टंडवा से बाइक संख्या JH01FN 7870 पर सवार होकर खरकु टोला, पतरातू जा रहे थे. इसी दौरान चौकी टॉड के समीप झीलया नदी के पास एलपी ट्रक संख्या JH02AV2655 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दुर्घटना में शामिल ट्रक मां भगवती ट्रांसपोर्ट, कुमडांग का बताया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. दो युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने सड़क जाम कर दिया.
भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन के लिए उचित व्यवस्था नहीं है, इसके बावजूद कोयला लदे सैकड़ों भारी वाहन प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं. तेज रफ्तार और भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़क पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने मांग की कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश तत्काल प्रतिबंधित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.
ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक बुढ़मू पुलिस घटनास्थल पर मौजूद थी और सड़क जाम हटाने को लेकर ग्रामीणों से बातचीत की जा रही थी.


