केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा, भाजपा में आने वाले नेताओं को समुचित सम्मान मिलेगा

JoharLive team

रांची । जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने हर वर्ष की तरह इसबार भी जमशेदपुर स्थित अपने आवास घोड़ाबांधा में काली पूजा का आयोजन किया। पूजा में मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने भी प्रसाद ग्रहण किया।

महाप्रसाद के आयोजन के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में अर्जुन मुंडा ने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर कहा कि सीटें कम जरूर हुई है, लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव की अपेक्षा इसबार भी वोटों का प्रतिशत कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड विधानसभा चुनाव में 65 प्लस को लेकर पूरी तरह आशान्वित है। राज्य की जनता भाजपा को भरपूर मदद करेगी। कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समेत विभिन्न दलों से भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों और नेताओं-कार्यकर्ताओं को टिकट दिये जाने के संबंध में पूछे गये एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं को समुचित सम्मान मिलेगा। काली पूजा पर राज्यवासियों को बधाई देते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि पर्व-त्योहार धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ विषय है। सभी को चित्रगुप्त पूजा, सोहराय और भाईदूज की शुभकामनाएं।