जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के जीतुडंगाल मोहल्ला स्थित बालगृह से बुधवार को दो बच्चों के फरार होने से हड़कंप मच गया. दोनों बच्चे दोपहर करीब 12:30 बजे बालगृह परिसर से निकलकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही बालगृह प्रबंधन ने जामताड़ा थाना में लिखित आवेदन दिया, जिसके बाद पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस की कार्रवाई में देर शाम एक बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.
बालगृह में कार्यरत कर्मी विनोद कुमार सिंह के अनुसार, फरार हुए दोनों बच्चे पहले भी कई बार बालगृह से भाग चुके हैं. इनमें एक बच्चा अब तक तीन बार और दूसरा दो बार फरार हो चुका है. इसके बावजूद उनकी निगरानी और सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
बताया जाता है कि बालगृह में कुल आठ कर्मी कार्यरत हैं. इसके बावजूद दिनदहाड़े दो बच्चों का परिसर से फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था में चूक की आशंका पैदा करता है. सवाल है कि जो बच्चे पहले भी कई बार भाग चुके हैं, उनकी निगरानी के लिए विशेष इंतजाम क्यों नहीं किए गए? बार-बार ऐसी घटनाओं के बावजूद बालगृह की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हुआ?
फिलहाल पुलिस दूसरे बच्चे की तलाश में जुटी है. इस घटना ने बालगृह की सुरक्षा, कर्मचारियों की निगरानी और प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Also Read : झारखंड : उद्घाटन समारोह में अचानक पहुंची पांच थानों की पुलिस, राजू तिर्की और रिंकू मेहता को ले गई थाने


