Bihar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को गयाजी पहुंचे, जहां उन्होंने एक साथ विकास और राजनीति दोनों का संदेश दिया। दौरे के दौरान उन्होंने सैकड़ों योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, वहीं मंच से विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस पल की रही, जब उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा।
700 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का तोहफा
सीएम नीतीश कुमार ने 377 करोड़ रुपये की लागत से 140 योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 367 करोड़ रुपये की 553 योजनाओं का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विकास कार्यों को जमीन पर उतार रही है।
जीविका दीदियों के स्टॉल पर पहुंचे सीएम
कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं के काम की सराहना की और कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
जनसंवाद में गिनाए काम, पुराने शासन पर हमला
जनसंवाद कार्यक्रम में सीएम ने अपने कामकाज को गिनाते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने महिलाओं के लिए कुछ खास नहीं किया। उन्होंने लालू-राबड़ी शासनकाल पर हमला बोलते हुए कई खामियां भी गिनाईं और अपनी सरकार की उपलब्धियां बताईं।
मंच पर दिखी खास केमिस्ट्री
कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा पल आया जिसने सियासी हलचल बढ़ा दी। नीतीश कुमार अचानक सम्राट चौधरी के पास पहुंचे और उनके कंधे पर हाथ रख दिया। इसके बाद उन्होंने लोगों से हाथ उठाकर समर्थन देने को कहा और बोले, “बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।” इस दौरान दोनों नेताओं की बॉडी लैंग्वेज चर्चा का विषय बन गई।
‘सम्राट मॉडल’ पर शुरू हुई सियासत
इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर ‘सम्राट मॉडल’ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, किसी भी बड़े नेता की ओर से इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में अटकलें जरूर तेज हैं।
एनडीए नेताओं के अलग-अलग बयान
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री और लोजपा (रामविलास) के विधायक संजय सिंह ने कहा कि सम्राट मॉडल का असर दिख रहा है और अपराधी बिहार छोड़ रहे हैं। वहीं जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने साफ कहा कि बिहार में सिर्फ “नीतीश मॉडल” ही काम कर रहा है और किसी दूसरे मॉडल की बात करना सही नहीं है।
Also Read : पलामू में संदिग्ध हालत में मिला युवक का श’व, पुलिस जांच में जुटी


