Patna : बिहार के खगड़िया रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनें 26 जनवरी से 29 जनवरी तक प्रभावित रहेंगी। बरौनी–बछवारा रेलखंड में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग के कमीशनिंग को लेकर एनआई (नॉन इंटरलॉकिंग) कार्य किया जाएगा। इसके चलते 26 से 28 जनवरी तक प्री-एनआई और 29 जनवरी को एनआई कार्य के कारण कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ की मार्गों में बदलाव किया गया है।
रेल सूत्रों के अनुसार, 22352 एसएमवीबी-सहरसा एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग दानापुर, पटना, मोकामा और बेगूसराय के रास्ते चलाया जाएगा। इसी तरह 12519 अप लोकमान्य तिलक-अगरतला एक्सप्रेस भी 25 जनवरी को बदलते मार्ग से चलेगी।
इसके अतिरिक्त, 27 जनवरी को तिनसुकिया से खुलने वाली 15933 न्यू तिनसुकिया-अमृतसर एक्सप्रेस को खगड़िया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर के रास्ते चलाया जाएगा। 63307 कटिहार-समस्तीपुर पैसेंजर को 26 से 29 जनवरी तक खगड़िया, नरहन और समस्तीपुर के मार्ग से चलाया जाएगा। हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि 63308 समस्तीपुर–कटिहार पैसेंजर को भी 26 से 29 जनवरी तक परिवर्तित रूट समस्तीपुर, नरहन और खगड़िया के रास्ते चलाया जाएगा। इसी अवधि में 63305 कटिहार–सोनपुर मेमू का आंशिक समापन बेगूसराय स्टेशन पर किया जाएगा।
इसके अलावा, 28 जनवरी को डिब्रूगढ़ से चलने वाली 15909 अप डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस को रास्ते में 90 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा। 26 जनवरी को आनंदविहार से खुलने वाली 15280 डाउन आनंदविहार-सहरसा एक्सप्रेस और 28 जनवरी को वैष्णोदेवी से चलने वाली 15656 वैष्णोदेवी-कामख्या एक्सप्रेस को 30-30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। वहीं 29 जनवरी को सहरसा से खुलने वाली 15279 सहरसा-आनंदविहार एक्सप्रेस 90 मिनट की देरी से चलेगी।
Also Read : 77वां गणतंत्र दिवस : डीसी कर्ण सत्यार्थी ने अपने कार्यालय परिसर में किया झंडोत्तोलन

