Patna : पटना यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। पटना कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए खड़े तेजप्रताप के कैंडिडेट रिंकल यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रिंकल यादव की गिरफ्तारी के विरोध में छात्रों ने तुरंत पीरबहोर थाने के बाहर हंगामा किया। छात्र नारेबाजी करने लगे, “PU मुर्दाबाद” और “वॉइस चांसलर मुर्दाबाद” के नारे गूंजे। छात्र VC ऑफिस के गेट के सामने लेट गए, जबकि पुलिस रिंकल को उठाकर गाड़ी में बैठा रही थी। छात्र और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई, जिससे पूरे कैंपस में तनाव फैल गया। छात्रों का आरोप है कि नॉमिनेशन के समय रिंकल यादव का नाम सही था, लेकिन चुनाव के बैलेट पेपर में उनका नाम रिंकल कुमार लिख दिया गया। छात्रों का कहना है कि रिंकल यादव पिछले पांच साल से यूनिवर्सिटी में छात्र नेता के रूप में सक्रिय हैं और उन्हें वोट देने से रोका जा रहा है।
बीएन कॉलेज में ID कार्ड न होने पर रोक
बीएन कॉलेज में जिन छात्रों के पास ID कार्ड नहीं है, उन्हें वोट डालने से रोका गया। इससे छात्रों में नाराजगी है। छात्र रौनक ने बताया, “कई छात्रों ने आवेदन दिया हुआ है, लेकिन उन्हें अभी तक ID कार्ड नहीं मिला। हमारे पास एडमिशन की ओरिजिनल स्लिप है, फिर भी हमें वोट डालने से रोका गया।”
चुनाव में कुल उम्मीदवार और मतदान प्रक्रिया
PU छात्रसंघ चुनाव में सेंट्रल पैनल के 5 पदों के लिए 41 और काउंसलर के लिए 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए 11, महासचिव के लिए 9, उपाध्यक्ष के लिए 8, संयुक्त सचिव के लिए 6 और कोषाध्यक्ष के लिए 7 प्रत्याशी हैं। छात्र दोपहर 2:30 बजे तक वोटिंग कर सकते हैं। चुनाव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान के लिए अलग-अलग कलर के बैलेट बॉक्स बनाए गए हैं। वोटर को उम्मीदवार के क्रम संख्या के आगे बॉलपेन से क्रॉस का निशान लगाना होगा, अन्य निशान पर मतदान रद्द माना जाएगा। छात्र संघ चुनाव में यूनिवर्सिटी के कुल 19,973 मतदाता मतदान करेंगे, जिसमें 7,963 छात्राएं शामिल हैं। पिछले साल मतदाताओं की संख्या 19,600 थी। सबसे ज्यादा मतदाता पटना वीमेंस कॉलेज में हैं, कुल 4,657।
मतगणना और परिणाम
छात्र संघ चुनाव में कुल 6 राउंड में वोटों की गिनती होगी। मतदान पूरी होने के बाद बैलेट बॉक्स को मतदान केंद्र पर सील कर दिया जाएगा। काउंसलर पद पर पहले ही पांच उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं। वोटों की गिनती आज शाम 4:10 बजे पटना आर्ट्स कॉलेज में शुरू होगी और संभावना है कि देर रात तक परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
सुरक्षा इंतजाम
बीएन कॉलेज के चुनाव पदाधिकारी सह प्राचार्य डॉ. राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि कॉलेजों में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और यूनिवर्सिटी स्टाफ तैनात हैं।

