जोहार लाइव ब्यूरो
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के कश्मीर संबंधी बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि फारूक अब्दुल्ला और उनकी पार्टी को कश्मीर के मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है. अन्नपूर्णा देवी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 और 35A हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में बड़े बदलाव हुए हैं.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले पत्थरबाजी के लिए पहचाने जाने वाले कश्मीर के युवा अब देश के दूसरे युवाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं. वे रोजगार और करियर के अवसर तलाश रहे हैं. उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में बुनियादी ढांचे का विकास हुआ है और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं.
अनुच्छेद 370 हटने के बाद विकास का दावा
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति का माहौल बना है और केंद्र सरकार के प्रयासों से विकास कार्यों को गति मिली है. उन्होंने पर्यटन, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है.
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं. उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को इसका श्रेय दिया.
फारूक अब्दुल्ला ने क्या कहा था?
दरअसल, 24 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के बारामूला में नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान फारूक अब्दुल्ला ने कश्मीर के मुद्दे पर बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठाकर कश्मीरियों की आवाज दुनिया तक पहुंचा रहा है. साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए और कहा कि दिल्ली से न्याय की कितनी उम्मीद की जा सकती है.
फारूक अब्दुल्ला ने लोगों से अपनी पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील भी की थी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग भारतीय हैं और उनकी पार्टी महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू तथा मौलाना आजाद के विचारों वाले भारत में विश्वास रखती है.
फारूक अब्दुल्ला के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्नपूर्णा देवी ने उनके रुख पर सवाल उठाए और अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में हुए विकास को केंद्र सरकार की उपलब्धि बताया.
Also Read : मैं कभी हिंदुत्व का समर्थक नहीं रहा और न रहूंगा : दिग्विजय सिंह

