रांची. बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती सिस्टम का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 27 अक्टूबर की शाम से मौसम बदलने की संभावना है. यह 28, 29 और 30 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है.
बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हो रहा है. अर्नब नाम बांग्लादेश ने दिया है. मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और उत्तर आंध्र प्रदेश तथा दक्षिण ओडिशा के तट की ओर जाने की संभावना है. इसके प्रभाव से तटीय इलाकों के साथ झारखंड में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
27 अक्टूबर की शाम से बदलेगा मौसम
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर की शाम से राज्य के दक्षिण-पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश शुरू हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है. इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है. राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है.
IMD की 25 अक्टूबर को जारी जिला-स्तरीय चेतावनी में 27 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवा, जबकि 28, 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश के साथ खराब मौसम की आशंका जताई गई है.
रांची समेत कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात की आशंका
बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के हवाले से प्रकाशित पूर्वानुमान के अनुसार, हवा की सामान्य गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है और झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. कुछ स्थानीय पूर्वानुमानों में इससे अधिक तेज हवा की आशंका भी जताई गई है. रांची के अलावा दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है.
Also Read : 11 करोड़ फार्मर आईडी: लक्ष्य से पांच महीने पहले मंजिल, पर झारखंड अब भी इंतजार में

