जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर सरकारी क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छा मौका है. राज्य में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के 1,038 पदों पर नियुक्ति के लिए कल यानी 31 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू होगा. झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन सोसाइटी (JRHMS) ने इस संबंध में विज्ञापन जारी कर दिया है. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 22 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
इस भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तैनात किया जाएगा. उन्हें हर महीने 25 हजार रुपये निश्चित मानदेय मिलेगा.
इसके अलावा प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 15 हजार रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इस तरह निर्धारित प्रदर्शन मानकों को पूरा करने पर अभ्यर्थियों को अधिकतम 40 हजार रुपये प्रतिमाह मिल सकते हैं.
B.Sc Nursing और CPCH की डिग्री अनिवार्य
इस भर्ती में आवेदन के लिए अभ्यर्थियों के पास B.Sc Nursing या Post Basic B.Sc Nursing की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ Certificate Programme in Community Health (CPCH) का इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य है. यह पाठ्यक्रम 2016-2020 या उसके बाद उत्तीर्ण होना चाहिए. केवल GNM या ANM की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे.
आयु की गणना 22 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी. सामान्य और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 35 वर्ष, BC-I और BC-II के लिए 37 वर्ष, अनारक्षित महिला अभ्यर्थियों के लिए 38 वर्ष तथा SC और ST वर्ग के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है. दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम 45 से 50 वर्ष तक की उम्र सीमा में छूट दी गई है.
कुल 1,038 पदों में अनारक्षित वर्ग के 253, EWS के 104, अनुसूचित जनजाति के 280, अनुसूचित जाति के 288, BC-I के 55 और BC-II के 58 पद शामिल हैं.
एक साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति, मिलेंगे 40 हजार तक
JRHMS की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, नियुक्ति शुरुआती तौर पर एक साल के अनुबंध पर होगी. संतोषजनक प्रदर्शन और विभाग की आवश्यकता के आधार पर अनुबंध की अवधि बढ़ाई जा सकती है. यह नियमित सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि संविदा आधारित नियुक्ति होगी.
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (Community Health Officer) की तैनाती आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में होती है. इनका मुख्य काम ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. CHO मरीजों की शुरुआती जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच, सामान्य बीमारियों की पहचान, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी तथा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों से जुड़े काम करेंगे. गंभीर स्थिति में मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जिम्मेदारी भी होगी.
22 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्टूबर से JRHMS की आधिकारिक वेबसाइट https://jrhms.jharkhand.gov.in/ या झारखंड भर्ती पोर्टल https://recruitment.jharkhand.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है. अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र, CPCH सर्टिफिकेट, फोटो, हस्ताक्षर और लागू होने पर जाति प्रमाणपत्र सहित जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे.
Also Read : झारखंड : JTET परीक्षा 1 नवंबर को, 986 केंद्रों पर 5.65 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

