जोहार लाइव ब्यूरो
बिहार के मुजफ्फरपुर में AK-47 राइफल तस्करी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता मिली है. NIA ने मामले में फरार चल रहे आरोपी संदीप कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया है. उसे 29 अक्टूबर की रात वैशाली जिले के टाउन थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक नेक्सॉन कार, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड जब्त किए गए.
NIA के मुताबिक, संदीप कुमार सिन्हा पर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर नगालैंड से बिहार तक प्रतिबंधित बोर के अत्याधुनिक हथियारों, खासकर AK-47 राइफलों की तस्करी की साजिश रचने का आरोप है. इस साजिश का मकसद सार्वजनिक शांति और सुरक्षा को प्रभावित करने के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालना था.
मुरघटिया पुल के पास मिली थी AK-47 राइफल
यह मामला 7 मई 2024 को मुजफ्फरपुर के फकुली थाना में दर्ज कांड संख्या 19/2024 से जुड़ा है. पुलिस ने मुरघटिया पुल के पास से एक AK-47 राइफल, लेंस और जिंदा कारतूस बरामद किए थे. इस मामले में हथियारों की तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. बाद में 5 अगस्त 2024 को NIA ने इस केस को अपने हाथ में लेते हुए RC-11/2024/NIA/DLI के तहत जांच शुरू की.
जांच के दौरान NIA ने इस मामले में तीन सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की हैं. पहली चार्जशीट विकास कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और अहमद अंसारी के खिलाफ दाखिल की गई. दूसरी चार्जशीट मंजूर खान और तीसरी कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत के खिलाफ दाखिल हुई.
NIA इससे पहले 19 अगस्त 2026 को भैरव त्रिपाठी और 22 अगस्त 2026 को करमुल्लाह को गिरफ्तार कर चुकी है. अब संदीप कुमार सिन्हा की गिरफ्तारी के बाद एजेंसी मामले की आगे की जांच में जुटी है.
Also Read : गाड़ी आपकी, लाखों का कैश हमारा… और ओरमांझी में ठगी के अनोखे खेल का खुलासा

