महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बीमारी की शुरुआती पहचान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सुधीर तिवारी फाउंडेशन की ओर से रांची में निशुल्क ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर 1 नवंबर 2026 (रविवार) को सुबह 9:30 बजे गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रांची में आयोजित होगा. इसमें महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के साथ मुफ्त जांच की सुविधा भी मिलेगी.
कार्यक्रम में मुंबई के फोर्टिस हीरानंदानी हॉस्पिटल के प्रसिद्ध कैंसर सर्जन डॉ. शिशिर शेट्टी और रांची के समगति कैंसर सेंटर के डॉ. सतीश शर्मा विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे. इस दौरान डॉक्टर महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच कराने की जरूरत और बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे.
महिलाओं को दी जाएगी सेल्फ एग्जामिनेशन की ट्रेनिंग
शिविर की खास बात यह होगी कि महिलाओं को ब्रेस्ट सेल्फ एग्जामिनेशन यानी स्वयं स्तन परीक्षण की व्यावहारिक ट्रेनिंग भी दी जाएगी. इसके माध्यम से महिलाएं खुद में होने वाले असामान्य बदलावों को पहचानने और समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने के प्रति जागरूक हो सकेंगी. इसके अलावा शिविर में निशुल्क मैमोग्राफी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.
आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता
इस पहल में 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी. इसके साथ ही स्कूल के सपोर्ट स्टाफ, घरेलू कामगारों, दिहाड़ी मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को भी इस अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा. इसका उद्देश्य उन महिलाओं तक स्वास्थ्य जांच की सुविधा पहुंचाना है, जिनके लिए महंगी जांच कराना आर्थिक रूप से मुश्किल होता है.
सुधीर तिवारी फाउंडेशन के चेयरमैन सुधीर तिवारी ने बताया कि समाज में ब्रेस्ट कैंसर को लेकर फैली भ्रांतियों और झिझक को दूर करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है. महिलाओं को नियमित जांच और बीमारी की शुरुआती पहचान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा. उन्होंने कहा कि फाउंडेशन इस तरह के जागरूकता अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने का प्रयास करेगा.

