जोहार लाइव ब्यूरो
लोहरदगा के कुडू में पुलिस ने ब्राउन शुगर के कथित कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. चंदवा-कुडू रोड पर एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी कर पुलिस ने 8 युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से करीब 98 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की महिंद्रा थार (JH01FX0060) को भी जब्त किया है.
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर की रात एसपी लोहरदगा को सूचना मिली थी कि चंदवा-कुडू रोड से एक काले रंग की थार में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए कुडू थाना प्रभारी नीरज झा और किस्को अंचल के पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई. टीम में कुडू के अंचलाधिकारी संतोष उरांव भी शामिल थे.
छापेमारी के दौरान केरवाडी मोड़ के पास पुलिस को संदिग्ध थार दिखाई दी. वाहन को सड़क किनारे रोकने के बाद दो लोग पास के एक निर्माणाधीन मकान की ओर गए. इसके बाद पुलिस ने मकान को चारों तरफ से घेरकर तलाशी ली. वहां कुल 8 युवक मौजूद मिले.
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान सभी आठों युवकों के पास से एल्युमिनियम फॉयल में पैक ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ. बरामदगी में सबसे अधिक 32.81 ग्राम पदार्थ रितु राज जायसवाल के पास से मिला, जबकि सोनू राज कुमार के पास से 16.12 ग्राम बरामद किया गया.
रांची के 6, लातेहार के 2 युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार युवकों में पंकज कुमार (25), अभय कुमार (25), अलतमस अंसारी (21), वाहीद अंसारी (32), संदीप कुमार यादव (23) और आर्यन राज चौधरी (18) रांची के रहने वाले हैं. वहीं, रितु राज जायसवाल उर्फ रितु राज कुमार (24) और सोनू राज कुमार (28) लातेहार जिले के निवासी हैं.
पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 95/26, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत NDPS एक्ट की धाराओं 17(b), 21(b), 22(b) और 29 में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
Also Read : झारखंड : बड़कागांव में 80 टीबी मरीजों को मिली पोषण किट, अदाणी फाउंडेशन ने उठाया स्वास्थ्य सुधार का जिम्मा

