जोहार लाइव ब्यूरो
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है. पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक के करीब तीन महीने बाद उमर अब्दुल्ला ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है. दोनों ने सोशल मीडिया पर 31 अक्टूबर को तस्वीरें साझा कर शादी की जानकारी सार्वजनिक की. दोनों ने 30 अक्टूबर को विवाह किया.
उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘A new journey began yesterday’. वहीं, निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘It’s done bro’. दोनों की पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक और मीडिया जगत में उनकी शादी की चर्चा शुरू हो गई.
शादी समारोह में दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और रिश्तेदार शामिल हुए. उमर अब्दुल्ला के पिता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता फारूक अब्दुल्ला, मां मोली अब्दुल्ला और उनकी बहनें मौजूद थीं. वहीं, निधि राजदान के माता-पिता एमके राजदान और सरला राजदान भी समारोह में शामिल हुए. शादी से जुड़े कार्यक्रम श्रीनगर और नई दिल्ली में आयोजित किए गए.
1994 में पायल अब्दुल्ला से हुई थी पहली शादी
उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी शादी है. इससे पहले उन्होंने 1 सितंबर 1994 को पायल अब्दुल्ला से शादी की थी. दोनों के दो बेटे हैं. हालांकि, लंबे समय से दोनों अलग रह रहे थे. सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई 2026 को उमर और पायल के विवाह को समाप्त करने का आदेश दिया था.
सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की पीठ ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत विशेष अधिकार का इस्तेमाल करते हुए तलाक की मंजूरी दी थी. अदालत में दाखिल संयुक्त समझौते के मुताबिक, दोनों 2011 से अलग रह रहे थे. दोनों ने अदालत को बताया था कि उनके रिश्ते में सुलह की कोई संभावना नहीं बची है.
कौन हैं निधि राजदान?
निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार और न्यूज एंकर हैं. उन्होंने वर्ष 1999 में NDTV के साथ अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी. करीब 21 वर्षों तक वह इस संस्थान से जुड़ी रहीं. वह ‘Left, Right and Centre’ और ‘The Big Fight’ जैसे चर्चित कार्यक्रमों को होस्ट कर चुकी हैं. उन्होंने राजनीति, जम्मू-कश्मीर और विदेश मामलों की रिपोर्टिंग की है.
निधि राजदान की किताब ‘Left, Right and Centre: The Idea of India’ वर्ष 2017 में प्रकाशित हुई थी. वर्ष 2021 में वह उस वक्त भी चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने खुलासा किया था कि हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में नौकरी का ऑफर फर्जी था और वह एक फिशिंग हमले का शिकार हुई थीं.
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी की खबर सामने आने के बाद दोनों की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है.
Also Read : पंजाब चुनाव 2027: AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची, भगवंत मान फिर धुरी से लड़ेंगे चुनाव


