धनबाद। IIT (ISM) धनबाद में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर के छात्र प्रतीक राजकुमार की मौत के साथ ही पिछले डेढ़ महीने में झारखंड के तीन प्रमुख तकनीकी शिक्षण संस्थानों में छात्रों की मौत के मामले सामने आए हैं. इससे राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
ताजा मामला शनिवार, 31 अक्टूबर का है. IIT धनबाद के छात्र प्रतीक राजकुमार हॉस्टल की 15 मंजिला इमारत की आठवीं मंजिल से नीचे गिर गये. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. प्रतीक मूल रूप से महाराष्ट्र के अहमदपुर के रहने वाले थे. घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है.
इससे पहले 19 सितंबर को रांची स्थित BIT मेसरा में MSc फिजिक्स की छात्रा अंजली सुमन का शव हॉस्टल के कमरे में मिला था. अंजली गोड्डा जिले के महागामा की रहने वाली थीं. उनका शव कमरे में पंखे से लटका मिला था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी.
वहीं, अक्टूबर में IIIT रांची के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की मौत का मामला सामने आया था. बिहार के पूर्णिया निवासी आदित्य का शव खेलगांव स्थित संस्थान के हॉस्टल के कमरे में मिला था. इस घटना के बाद छात्रों ने संस्थान परिसर में प्रदर्शन भी किया था. छात्रों ने चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये थे.
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर चर्चा तेज कर दी है.
Also Read : पलामू में नवजात की कथित बलि देने की आशंका, जन्म के 3 घंटे बाद खेत की मेढ़ पर मिली बच्ची


