रांची. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता मनोज पांडेय ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया में बड़ी खामियां हैं और इसके जरिए करीब 15 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं या हटाने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का एक व्यक्ति अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहा है और उसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है.
मनोज पांडेय ने कहा कि देश के सामने इस समय बेहद गंभीर चुनौती है. ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को अपने राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा. यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और नागरिकों के अस्तित्व की लड़ाई है.
चुनाव आयोग में बदलाव की मांग
मनोज पांडेय ने कहा कि INDIA गठबंधन की मांग है कि चुनाव आयोग में कथित तौर पर अधिकारों का दुरुपयोग करने वाले संबंधित व्यक्ति को तत्काल पद से हटाया जाए. साथ ही चुनाव प्रक्रिया में व्यापक सुधार किए जाएं. उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति खुद को संसद से भी ऊपर समझकर काम कर रहा है और उसे केंद्र में बैठे अपने राजनीतिक आकाओं का संरक्षण मिल रहा है.
झामुमो नेता ने कहा कि इस मुद्दे पर देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग सड़कों पर उतर रहे हैं. यह निर्णायक लड़ाई है और विपक्षी गठबंधन केंद्र सरकार को अपनी मांगें मानने के लिए मजबूर करेगा. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की.


