रांची. राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान सीठियो इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी. घायल अपराधी को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, गोली, मैगजीन, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है.
रांची पुलिस को 30 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी एक कार से रिंग रोड इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने रिंग रोड इलाके में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल, गोली, मैगजीन और मोबाइल फोन मिले.
कांके, हजारीबाग और टंडवा में फायरिंग से जुड़ाव की जांच
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों के राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की जानकारी मिली है. ये अपराधी गिरोह के लिए आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे.
कांके में फायरिंग, हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल और उरीमारी के अलावा टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है.
सीठियो में पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अपराधी घायल
रिंग रोड से गिरफ्तार अपराधियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस गिरोह के एक अन्य सदस्य को पकड़ने के लिए सीठियो इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी. इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई. घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए रिम्स भेजा गया. उसके पास से एक पिस्टल, गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
पुलिस मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है. मामले में आगे का अनुसंधान जारी है.
Also Read: गाड़ी आपकी, लाखों का कैश हमारा… और ओरमांझी में ठगी के अनोखे खेल का खुलासा


