जोहार लाइव ब्यूरो
रामगढ़ : रामगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के चौथे चरण के तहत 56 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे हैं. इसके साथ ही पिछले चार महीने में इस अभियान के तहत बरामद मोबाइल की संख्या बढ़कर 301 हो गई है. बरामद मोबाइल रामगढ़ जिले के अलावा दूसरे जिलों से भी मिले हैं. पुलिस ने जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर सभी मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द किए.
रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से चार महीने पहले ऑपरेशन भरोसा शुरू किया था. इसके तहत जिले के सभी थानों और ओपी प्रभारियों को गुम मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा और CEIR पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर मोबाइल की तलाश करने का निर्देश दिया गया है. इसी अभियान के तहत पुलिस ने चौथे चरण में 56 मोबाइल बरामद किए.
किन थानों से कितने मोबाइल बरामद हुए
चौथे चरण में रामगढ़ थाना से 10, रजरप्पा थाना से 6, पतरातू थाना से 5, मांडू थाना से 8, गोला थाना से 3, मुरकुंडा ओपी से 4, बरकाकाना ओपी से 3, बासल थाना से 5, बरलंगा थाना से 3, कुज्जू ओपी से 3, वे.बो. ओपी से 5 और भदानीनगर ओपी से एक मोबाइल बरामद किया गया है.
रामगढ़ पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन भरोसा के पहले चरण में 125, दूसरे चरण में 59, तीसरे चरण में 81 और चौथे चरण में 56 मोबाइल बरामद किए गए हैं. इस तरह चार चरणों में कुल 301 गुम मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं.
जारी रहेगी अभियान
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लोगों को CEIR पोर्टल के इस्तेमाल और गुम मोबाइल फोन की ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इस पोर्टल के प्रति जागरूक करें.
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस अभियान की सराहना की और पुलिस के प्रति विश्वास जताया. पुलिस का कहना है कि आम लोगों की गुम हुई संपत्ति बरामद करने और जनविश्वास मजबूत करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.
Also Read : झारखंड: सतबरवा थाना के रिकॉर्ड अधूरे मिलने से DIG नाराज, सुधार के लिए दी एक सप्ताह की मोहलत


