Ramgarh : रामगढ़ जिले के कर्मा सुगिया खीरा बेड़ा क्षेत्र में बीती रात एक हाथी ने 35 वर्षीय लोकनाथ मुंडा को कुचलकर मार डाला। लोकनाथ शौच के लिए घर से बाहर निकले थे, तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लोकनाथ के चार छोटे बच्चे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस इलाके में हाथियों के हमलों की वजह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र में हाथियों ने चार लोगों की जान ले ली थी। वन विभाग ने मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है, जिसमें 25 हजार रुपये तुरंत भुगतान किए गए हैं। शेष राशि सरकारी प्रावधानों के अनुसार बाद में दी जाएगी।
हाथियों का एक झुंड इलाके में सक्रिय है, जो गांवों में घुसकर फसलें और घरों में रखे अनाज बर्बाद कर रहा है। लगातार हमलों की वजह से कई ग्रामीण अपना घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि “हमार हाथी” एप के माध्यम से हाथियों की लोकेशन का पता चल सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि हाथियों के क्षेत्र में होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें, हाथियों को परेशान न करें और फोटो या वीडियो बनाने से बचें।
Also Read : राजगीर महोत्सव 2025 की तैयारियां पूरी, तीन दिन चलेगा सांस्कृतिक उत्सव


