Patna : बिहार पर्यटन विभाग और नालंदा जिला प्रशासन ने तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव 2025 की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह महोत्सव 19, 20 और 21 दिसंबर को राजगीर में आरआईसीसी और हॉकी मैदान के पास आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान तीनों दिन देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव के पहले दिन मशहूर गायक कैलाश खेर, दूसरे दिन बॉलीवुड सिंगर सलमान अली और तीसरे दिन गायिका भाव्या पंडित अपनी प्रस्तुति देंगी। शुक्रवार को सीएम नीतीश कुमार महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर उपसीएम सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत शंख ध्वनि और सर्वधर्म मंगलाचरण से होगी।
राजगीर महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ कई अन्य आयोजन भी होंगे। ग्राम श्री मेला, पुस्तक मेला, व्यंजन मेला और कृषि मेला दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महिला महोत्सव के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा दंगल और अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी।
महोत्सव को लेकर सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल को सजावट और लाइटिंग से सजाया गया है, वहीं स्टॉल और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशासन का कहना है कि राजगीर महोत्सव से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सांस्कृतिक अनुभव का अवसर मिलेगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आने की उम्मीद है।
Also Read : पटना में किराया और टैक्स बढ़ाने की तैयारी, सड़कों का किया गया वर्गीकरण


