जरा ठहरिए… पुलिस की गाड़ी में बैठे इन युवकों को देखकर अपराधी समझने की भूल मत कीजिएगा. इनके हाथों में हथकड़ी नहीं, बल्कि आंखों में शिक्षक बनने का सपना है. ये सभी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से झारखंड के हजारीबाग JTET की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी हैं.
दरअसल, रविवार को आयोजित JTET परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रयागराज से हजारीबाग पहुंचे इन अभ्यर्थियों के सामने रात गुजारने की समस्या खड़ी हो गई. दूसरे शहर से आए इन युवाओं के पास ठहरने का कोई इंतजाम नहीं था. ऐसे में उन्हें रेलवे स्टेशन पर ही रात बिताने के लिए मजबूर होना पड़ा.
इसी दौरान हजारीबाग पुलिस की नजर इन अभ्यर्थियों पर पड़ी. पुलिसकर्मियों ने उनकी परेशानी समझी और मदद के लिए आगे आए. उन्हें पुलिस की गाड़ियों में बैठाकर रेलवे स्टेशन से पुलिस लाइन ले जाया गया. वहां उनके रात्रि विश्राम और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई.
पुलिस की इस पहल से परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली. वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों की इस संवेदनशील पहल ने यह भी दिखाया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय लोगों की मदद करना भी उसकी जिम्मेदारी है.
Also Read : झारखंड: सड़क पर तड़प रहे थे हादसे के घायल, डीसी ने रुकवाया काफिला; डीडीसी-एसडीओ ने पहुंचाया अस्पताल





