जोहार लाइव ब्यूरो
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला अब नीरज कुमार की जीत और अनंत सिंह के राजनीतिक दांव के कारण चर्चा में है. जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार का आभार जताया. हालांकि, जीत की औपचारिक घोषणा होना अभी बाकी बताया गया है.
अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, अनंत सिंह ने अपनी हार मान ली है. झल्लाते हुए अनंत सिंह ने कहा कि हां, हम हार गए हैं. इस चुनाव में जो अपना वोटर बनाते हैं वहीं लोग वोट देते हैं. हमको वोट बनाने का समय नहीं मिला. इसलिए हम हार गए.अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार को जीत की बधाई नहीं देंगे. अनंत सिंह ने कहा,नीरज कुमार दुलारचंद यादव केस को दिल्ली ले गए. इस वजह से उन्हे वहां जाना पड़ा. अनंत सिंह ने कहा, मुझे नीरज कुमार से नाराजगी थी इसलिए मैंने अनुज सिंह को सपोर्ट किया था.
जीत के बाद नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा,”मनुष्य को ईर्ष्या का पात्र बनना चाहिए, दया का पात्र नहीं. मैं गरीब परिवार में पैदा हुआ हूं और न मेरे पास धनबल है न ही बाहुबल, लेकिन कार्यकर्ता बल हमसे ज्यादा किसी के पास नहीं.” वहीं, विरोधियों पर तंज कसते हुए नीरज कुमार ने कहा, “जो मिठाई विरोधियों ने बनाई थी उनमें नमक था.”
इस पर अनंत सिंह कहते है कि उन्हें पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है, उनकी नाराजगी नीरज कुमार से थी. इसी वजह से उन्होंने पटना स्नातक सीट पर जनसुराज उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था. उन्होंने कहा कि वोटर बनाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला, इसलिए उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
अनंत सिंह ने यह भी कहा कि वह पार्टी का सम्मान करते हैं और आगे भी करते रहेंगे. नीरज कुमार को बधाई देने से इनकार करते हुए उन्होंने दुलारचंद यादव मामले को लेकर भी नाराजगी जताई.
पटना शिक्षक सीट पर RJD की जीत
बिहार विधान परिषद की शिक्षक निर्वाचन सीटों पर भी अहम मुकाबले देखने को मिले. पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने बीजेपी के नवल किशोर यादव को 1,057 मतों से हराया. संजीव कुमार को 4,487, जबकि नवल किशोर यादव को 3,430 मत मिले. नवल किशोर यादव इस सीट से लगातार पांच बार जीत चुके थे.
वहीं, तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को 594 मतों से हराया. सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. राहुल राज की जीत की जानकारी सामने आई. दरभंगा शिक्षक सीट पर जनसुराज समर्थित सुरेश प्रसाद राय की जीत की खबर थी.
स्नातक सीटों पर भी मुकाबला दिलचस्प
तिरहुत स्नातक सीट पर तीसरे राउंड की गिनती के बाद निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी 22,030 मतों के साथ आगे थे. जेडीयू के अभिषेक झा को 18,596 और आरजेडी की डॉ. रश्मि विनायक गौतम को 13,076 मत मिले थे.
दरभंगा स्नातक सीट पर पांचवें राउंड के बाद राजग समर्थित सर्वेश कुमार 8,930 मतों के साथ आगे थे. आरजेडी के अनिल कुमार झा को 7,545 और जनसुराज के मोहम्मद इम्तियाज को 4,577 मत मिले थे.
कोसी स्नातक सीट पर पहली वरीयता के मतों की गिनती में बीजेपी के डॉ. एनके यादव को 24,075, आरजेडी के नितेश यादव को 18,535 और जनसुराज के रजनीश रंजन को 15,306 मत मिले थे. निर्धारित जीत के लिए जरूरी मत नहीं मिलने के कारण दूसरी वरीयता के मतों की गिनती अहम थी.
बिहार की इन आठ सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत और अनंत सिंह की प्रतिक्रिया ने चुनावी मुकाबले को खास चर्चा में ला दिया है. अन्य सीटों पर उपलब्ध राउंडवार आंकड़ों और आधिकारिक परिणामों के आधार पर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी.


