Johar Live Desk : अंडर-19 एशिया कप 2025 में भारत शुक्रवार को अपना सेमीफाइनल मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। इस मुकाबले में बिहार के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी फाइनल में जगह बनाने के लिए मैदान में उतरेंगे। भारत की अंडर-19 टीम ग्रुप ए में लगातार तीन जीत के बाद 6 अंकों के साथ टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। टीम ने यूएई, पाकिस्तान और मलेशिया को हराया है। वैभव ने पहले मैच में 95 गेंदों पर 171 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने एक ही मैच में 14 छक्के लगाए और सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले यूथ वनडे खिलाड़ी बने।
हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ उनका बल्ला शांत रहा और वे सिर्फ 5 रन ही बना सके, लेकिन उन्होंने शानदार फील्डिंग की और टीम ने 90 रन से जीत हासिल की। मलेशिया के खिलाफ भी उन्होंने अर्धशतक लगाया। वैभव ने यूथ क्रिकेट में कई रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट में 78 गेंदों पर शतक लगाया और इंग्लैंड के खिलाफ 52 गेंदों में शतक जड़ा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वे सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने।
वैभव मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर के हैं। पिछले साल मात्र 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था, जो IPL इतिहास में सबसे कम उम्र में मिला कॉन्ट्रैक्ट है। इस साल IPL 2025 में उन्होंने टी-20 में सबसे कम उम्र में शतक भी बनाया।
Also Read : हाथियों के हमले में 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत, इलाके में दहशत


