रांची: झारखंड में 22 से 26 अक्टूबर तक 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इसमें देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस संगठनों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की कुल 28 टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता में 37 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें लगभग 500 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है.
झारखंड तीसरी बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है. इससे पहले वर्ष 2013 और 2016 में राज्य में पहली और पांचवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी. इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिवर्ष अखिल भारतीय पुलिस खेलकूद नियंत्रण बोर्ड (All India Police Sports Control Board) की ओर से देश के विभिन्न राज्यों में किया जाता है.
प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बलों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय और सौहार्द को बढ़ावा देना तथा पुलिसकर्मियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है. इस आयोजन के जरिए देशभर के पुलिस संगठनों के तीरंदाज अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे. इससे राष्ट्रीय स्तर पर खेल और तीरंदाजी के क्षेत्र में झारखंड की पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.
16 समितियों का गठन, तैयारियों की समीक्षा
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए झारखंड की महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्र को व्यवस्थापक समिति का अध्यक्ष और अपर पुलिस महानिदेशक, झारखंड सशस्त्र पुलिस, रांची श्रीमती प्रिया दूबे को संगठन सचिव बनाया गया है.
दोनों अधिकारियों के निर्देश पर आयोजन की तैयारियों के लिए कुल 16 समितियों और उपसमितियों का गठन किया गया है. संबंधित समितियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं. तैयारियों की समीक्षा के लिए रांची के होटवार स्थित आर्चरी ग्राउंड, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में समितियों की लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं.



