विजय उरांव, जोहार लाइव संवाददाता
15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया. राज्य गठन के 26 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और अर्थव्यवस्था के बाद अब बात खेल और सिनेमा की. जोहार लाइव की विशेष सीरीज ‘26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां’ की पांचवीं कड़ी में जानिए कि खेल के मैदान से लेकर सिनेमा के पर्दे तक झारखंड ने कितनी पहचान बनाई है.
क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और लॉन बॉल्स से लेकर एथलेटिक्स तक झारखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.
दूसरी ओर, नागपुरी, संथाली, कुड़ुख, खोरठा और दूसरी क्षेत्रीय भाषाओं में संगीत और सिनेमा निर्माण की परंपरा आगे बढ़ी. इन उपलब्धियों की जड़ें राज्य गठन से पहले की हैं. जयपाल सिंह मुंडा ने 1928 के ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की थी, तो नागपुरी सिनेमा की शुरुआत 1992 की फिल्म ‘सोना कर नागपुर’ से हो चुकी थी. ‘मासूम’ और ‘दुर्गा’ जैसे नागपुरी वीडियो एल्बमों से लेकर ‘बाहा’, ‘एडपा काना’, ‘आंगेन’, ‘ह्यूमन्स इन द लूप’ और ‘सेरेंग’ जैसी फिल्मों ने झारखंड की कहानियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया.
राज्य बनने के बाद इन क्षेत्रों को नई पहचान मिली, लेकिन खिलाड़ियों और कलाकारों के सामने आज भी कई संस्थागत चुनौतियां मौजूद हैं. खेल और सिनेमा की 26 प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं.
खेल : झारखंड के खिलाड़ियों ने दुनिया में बनाई पहचान
1. क्रिकेट में झारखंड का नाम
महेंद्र सिंह धौनी ने झारखंड को विश्व क्रिकेट में अलग पहचान दिलाई. उनके नेतृत्व में भारत ने 2007 का टी-20 विश्व कप, 2011 का एकदिवसीय विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती. उन्हें खेल रत्न, पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित किया गया. धौनी के बाद ईशान किशन ने भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाई और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया. सौरभ तिवारी, वरुण आरोन और शाहबाज नदीम जैसे खिलाड़ियों ने भी झारखंड का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर किया.
2. हॉकी की ऐतिहासिक विरासत
झारखंड का हॉकी से रिश्ता राज्य गठन से बहुत पुराना है. जयपाल सिंह मुंडा ने 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की और देश को स्वर्ण पदक दिलाया. माइकल किंडो 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक और 1975 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे. सिल्वानुस डुंगडुंग ने 1980 के मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का प्रतिनिधित्व किया. बाद की पीढ़ी में बिरेंद्र लकड़ा और बिमल लकड़ा ने भी भारतीय हॉकी को महत्वपूर्ण योगदान दिया.

3. महिला हॉकी में झारखंड की बेटियों का योगदान
सुमराय टेटे, असुंता लकड़ा, निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग जैसी खिलाड़ियों ने भारतीय महिला हॉकी में राज्य की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई. सुमराय टेटे 2002 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं और उन्हें 2017 में ध्यानचंद पुरस्कार मिला. निक्की प्रधान रियो ओलंपिक 2016 में खेलने वाली झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनीं. सलीमा टेटे ने टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लिया और भारतीय टीम की कप्तानी तक का सफर तय किया.
4. 2026 एशियाई खेलों में महिला हॉकी का स्वर्ण
2026 में जापान के आइची-नागोया में हुए एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा. इस टीम की कप्तान झारखंड की सलीमा टेटे थीं. टीम में निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग भी शामिल थीं. चार खिलाड़ियों की मौजूदगी ने एक बार फिर भारतीय महिला हॉकी में झारखंड की भूमिका को रेखांकित किया.
5. तीरंदाजी में विश्व स्तर पर पहचान
झारखंड ने तीरंदाजी में देश को कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए. रांची की दीपिका कुमारी ने विश्व नंबर एक रैंकिंग तक का सफर तय किया और 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में व्यक्तिगत रिकर्व स्वर्ण पदक जीता. अंकिता भगत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व किया. लक्ष्मीरानी माझी ने 2015 विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में टीम स्पर्धा का रजत पदक जीता और रियो ओलंपिक 2016 में भारतीय टीम का हिस्सा बनीं. मंगल सिंह चंपिया ने ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जबकि कोमोलिका बारी ने विश्व युवा तीरंदाजी खिताब जीता. प्रशिक्षक पूर्णिमा महतो का योगदान भी उल्लेखनीय है, जिन्होंने खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
6. लॉन बॉल्स में राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण
झारखंड ने लॉन बॉल्स जैसे अपेक्षाकृत कम चर्चित खेल में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की. बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में रूपा रानी तिर्की और लवली चौबे की टीम ने महिला फोर स्पर्धा में भारत के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता. इसी प्रतियोगिता में दिनेश कुमार, चंदन कुमार सिंह और सुनील बहादुर ने पुरुष वर्ग में रजत पदक हासिल किया. इस उपलब्धि ने झारखंड को लॉन बॉल्स के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर पहचान दिलाई.
7. मुक्केबाजी में अरुणा मिश्रा की उपलब्धि
जमशेदपुर की अरुणा मिश्रा ने मुक्केबाजी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन किया. उन्होंने 2004 में नॉर्वे में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता. वह राष्ट्रीय स्तर पर भी कई बार चैंपियन रहीं. मुक्केबाजी में दिवाकर प्रसाद और अन्य स्थानीय खिलाड़ियों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व किया.
8. फुटबॉल में झारखंड की मौजूदगी
झारखंड के फुटबॉल खिलाड़ियों ने भी राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया. दीपक मंडल ने 1999 से 2011 के बीच भारतीय टीम के लिए 47 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. उन्हें 2002 में अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और 2010 में अर्जुन पुरस्कार मिला. महिला फुटबॉल में नीतू लिंडा जैसी खिलाड़ियों ने भारतीय आयु वर्ग की टीमों में जगह बनाकर राज्य का प्रतिनिधित्व किया. राज्य के अलग-अलग जिलों में फुटबॉल की मजबूत ग्रामीण परंपरा ने इस खेल को आधार दिया है.
9. एथलेटिक्स और पर्वतारोहण में उपलब्धियां
बिबिन मैथ्यू ने 2010 एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता. वह दक्षिण एशियाई खेलों में भी दो बार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं. पर्वतारोहण में जमशेदपुर की प्रेमलता अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई. उन्होंने 2011 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की और सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर पहुंचने वाली भारत की पहली महिला बनीं. उन्हें 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया.
10. राष्ट्रीय खेलों में लगातार प्रदर्शन
राष्ट्रीय खेलों में झारखंड की उपलब्धियां भी उल्लेखनीय रही हैं. 2022 के गुजरात राष्ट्रीय खेलों में राज्य ने 13 पदक जीते. 2023 के गोवा राष्ट्रीय खेलों में 25 पदक हासिल किए. 2025 के 38वें उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में भी झारखंड ने 25 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण, छह रजत और 12 कांस्य पदक शामिल थे. लॉन बॉल्स, तीरंदाजी, वुशु, मॉडर्न पेंटाथलॉन, हॉकी और तैराकी में खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए.
11. शतरंज और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में उभरती प्रतिभाएं
झारखंड की खेल उपलब्धियां अब पारंपरिक खेलों से आगे बढ़ रही हैं. शतरंज में जमशेदपुर के अधिराज मित्र ने 2026 में राष्ट्रीय अंडर-17 ओपन चैंपियनशिप जीती. वहीं 2026 में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड ने 16 स्वर्ण, आठ रजत और 11 कांस्य सहित कुल 35 पदक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया. प्रतियोगिता में कोमोलिका बारी ने व्यक्तिगत रिकर्व स्वर्ण और झारखंड की पुरुष टीम ने रिकर्व टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता. एथलेटिक्स और अन्य खेलों में भी खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए.
12. खेल प्रतिभाओं को तैयार करने की व्यवस्था
झारखंड में सिमडेगा, खूंटी, रांची और अन्य जिलों में हॉकी, तीरंदाजी, फुटबॉल और दूसरे खेलों की प्रतिभाएं लगातार सामने आई हैं. रांची में खेल गांव और मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आवासीय खेल अकादमियों तथा विभिन्न जिलों में एस्ट्रोटर्फ और प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए खिलाड़ियों को तैयार किया गया है. खेल नीति और खेल विभाग की योजनाओं ने प्रतिभा पहचान तथा प्रशिक्षण को संस्थागत रूप देने का आधार तैयार किया है.
सिनेमा : क्षेत्रीय भाषाओं से राष्ट्रीय मंच तक
13. नागपुरी सिनेमा की शुरुआत
झारखंडी सिनेमा की यात्रा नागपुरी भाषा की फिल्म ‘सोना कर नागपुर’ से शुरू मानी जाती है. 1992 में बनी इस फिल्म का निर्देशन और निर्माण धनंजय नाथ तिवारी ने किया था. इसके बाद ‘कोड़ा मइट जाबे’, ‘पिया कर गांव’ (1994), ‘प्रीत’ (1995) और ‘सजना अनारी’ (1998) जैसी फिल्मों ने नागपुरी सिनेमा की शुरुआती जमीन तैयार की. राज्य गठन से पहले ही स्थानीय भाषा में फिल्म निर्माण की शुरुआत हो चुकी थी.
14. नागपुरी फिल्मों का विस्तार और ‘बाहा’ की अंतरराष्ट्रीय पहचान
2000 के दशक में नागपुरी फिल्मों का निर्माण बढ़ा. ‘गोईया नंबर-1’, ‘मोर प्रतिज्ञा’, ‘तुअर’, ‘हमार झारखंड’, ‘मितवा परदेशी’, ‘मोर दिल’, ‘प्यार तो हो गेलक’, ‘मकसद’, ‘सुन सजना’, ‘हिली मां’, ‘संगिया’, ‘मुक्ति’, ‘नागपुर कर भूत’, ‘रूप तोर’, ‘चिंगारी’, ‘जुगनी’, ‘चाहत’, ‘प्यार कर खातिर’, ‘गंगा पार’ और ‘झारखंड कर छलिया’ जैसी फिल्मों ने स्थानीय दर्शकों के बीच जगह बनाई. 2009 में श्रीप्रकाश के निर्देशन में बनी नागपुरी फिल्म ‘बाहा’ एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनी. इस फिल्म को जर्मनी और अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय सिनेमा समारोहों में प्रदर्शित किया गया, जिसने स्थानीय कहानियों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाया.
15. नागपुरी और खोरठा संगीत व वीडियो एल्बम की बड़ी दुनिया
झारखंड में क्षेत्रीय सिनेमा की जमीन तैयार करने में नागपुरी और खोरठा ऑडियो कैसेट, सीडी तथा वीडियो एल्बमों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है. 1990 के दशक से ही इन गीतों ने ग्रामीण हाट-बाजारों से लेकर शहरी दर्शकों तक बड़ा बाजार बनाया. नागपुरी संगीत को घर-घर तक पहुंचाने में पवन रॉय, पंकज सिन्हा, मोनिका मुंडू और विष्णु नायक, ज्योति साहू जैसे लोकप्रिय गायकों का बड़ा योगदान रहा, जबकि ठेठ नागपुरी शैली को आजाद अंसारी, सरिता देवी और अन्य स्थानीय लोक कलाकारों ने जीवंत बनाए रखा.
गायिका प्रियंका सिंह का सफर भी इस दौर के बदलाव को दिखाता है, जिनका पहला ऑडियो कैसेट 2003 में और ‘मासूम’ एल्बम 2004 में आया. 2005 से 2007 के बीच उनका नागपुरी प्रमोशनल वीडियो एल्बम संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के माध्यम से जारी हुआ और 2008 में ‘दुर्गा’ वीडियो एल्बम सामने आया.
दूसरी ओर, खोरठा गीत-संगीत ने उत्तरी छोटानागपुर, कोयलांचल और संथाल परगना में अपनी गहरी पहचान बनाई. लोकगायक सुकुमार ने आकाशवाणी और मंचों के जरिए खोरठा गीतों को प्रतिष्ठा दिलाई, जबकि कैसेट और एल्बम के दौर में मनोज देहाती तथा आधुनिक दौर में सतीश दास, मिलन दास, रॉबिन रंगीला और सावित्री कर्मकार जैसे कलाकारों ने खोरठा झूमर, करमा और आधुनिक गीतों को जन-जन तक पहुंचाया.
16. ‘फुलमनिया’ से लेकर नए दौर की नागपुरी फिल्में
साल 2019 में रिलीज हुई लाल विजय शाहदेव की फिल्म ‘फुलमनिया’ ने नागपुरी सिनेमा को सामाजिक मुद्दों से जोड़ा. इसमें डायन-बिसाही और महिलाओं के उत्पीड़न जैसे विषय उठाए गए. इसके अलावा नए दौर में ‘मोर गांव मोर देश’, ‘महुआ’, ‘रांची रोमियो’, ‘देहलीज’, ‘कर्म धर्म’, ‘नासूर’, ‘आई लव यू अ लव स्टोरी’, ‘खोटा सिक्का : फन अनलिमिटेड’, ‘नागपुरी लव स्टोरी’ (2025) और ‘नायका’ (2025) जैसी फिल्मों ने नागपुरी सिनेमा की विषयवस्तु और प्रस्तुति को आगे बढ़ाया.
17. 2026 में नागपुरी फिल्म ‘सेरेंग’ की चर्चा
2026 में नागपुरी फिल्म ‘सेरेंग’ ने झारखंडी सिनेमा को लेकर व्यापक चर्चा पैदा की. एनपीके पुरुषोत्तम के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी मागी मुंडा नाम की आदिवासी युवती के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में पलायन, बेरोजगारी, महिला स्वायत्तता, मानव तस्करी, सामाजिक पूर्वाग्रह और माओवादी प्रभाव जैसे मुद्दे उठाए गए. 8 मई 2026 को रांची में रिलीज हुई इस फिल्म को मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला.
18. संथाली सिनेमा की अपनी पहचान
संथाली भाषा में भी लंबे समय से फिल्में बनती रही हैं. ‘चांदो लिखोन’ (2001) को शुरुआती महत्वपूर्ण फिल्मों में गिना जाता है. इसके बाद ‘हाय रे अरे चाली’, ‘जीवी जूरी’, ‘मोगोद दुलार’, ‘आमगे सारी दुलारिया’, ‘सगाई’, ‘सुलुक’, ‘बरदू’, ‘सबरनाका सुरुबाली’, ‘कारो कुइली’, ‘सोंधायनी’, ‘रावाह’, ‘गोदोम हदाम साइकिल’, ‘अर्जुन’ और ‘सोना मिरू’ जैसी फिल्मों ने संथाली सिनेमा की विविधता को सामने रखा. संथाली फिल्म निर्माण झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्यों और नेपाल में भी होता है.
19. ‘आंगेन’ ने संथाली सिनेमा को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिलाया
2026 में रवि राज मुर्मू निर्देशित 12 मिनट की संथाली लघु फिल्म ‘आंगेन’ ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का पुरस्कार जीता. 2024 में बनी यह फिल्म राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पाने वाली पहली संथाली भाषा की फिल्म बनी. पूर्वी सिंहभूम के एक आदिवासी गांव से आने वाले रवि राज मुर्मू की इस फिल्म की कहानी संथाली लोकविश्वास और मौखिक परंपरा से जुड़ी है. राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान ने संथाली भाषा के सिनेमा को नई जगह दिलाई.
20. कुड़ुख भाषा की फिल्म ‘एडपा काना’
कुड़ुख भाषा में बनी निरंजन कुजूर की लघु फिल्म ‘एडपा काना’ (Going Home) ने 2016 में 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट ऑडियोग्राफी का सम्मान हासिल किया था. यह किसी आदिवासी भाषा की कथा फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी पहचानों में से एक थी. इस उपलब्धि ने कुड़ुख भाषा में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को सामने रखा.
21. मुंडारी, हो, खोरठा और दूसरी भाषाओं का सिनेमा
झारखंड में सिनेमा सिर्फ नागपुरी, संथाली और कुड़ुख तक सीमित नहीं है. मुंडारी, हो, खोरठा, कुरमाली और पंचपरगनिया भाषाओं में भी फीचर फिल्मों, लघु फिल्मों और टेलीफिल्मों का निर्माण हुआ है. स्थानीय फिल्मकार अपनी भाषा और समुदाय की कहानियों को रिकॉर्ड करने तथा बड़े पर्दे तक पहुंचाने में जुटे हैं. यह काम भाषाई संरक्षण और सांस्कृतिक अभिलेखन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है.
22. झारखंड की डॉक्यूमेंट्री फिल्मों ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीते
झारखंड के डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार मेघनाथ और बीजू टोप्पो ने आदिवासी समाज, विस्थापन, पर्यावरण, खेती और विकास के सवालों को फिल्मों के माध्यम से सामने रखा. उनकी संस्था ‘अखड़ा’ ने 1996 से कई डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का निर्माण किया. इनमें ‘शहीद जो अनजान रहे’, ‘एक हादसा और भी’, ‘जहां चींटी लड़ी हाथी से’, ‘डेवलपमेंट फ्लोज फ्रॉम द बैरल ऑफ गन’, ‘कोरा राजी’, ‘गाड़ी लोहरदगा मेल’, ‘एक रोपा धान’, ‘आयरन इज हॉट’, ‘द हंट’ और ‘नाची से बांची’ शामिल हैं. ‘नाची से बांची’ डॉ. रामदयाल मुंडा के जीवन और सांस्कृतिक योगदान पर केंद्रित है. उनकी फिल्मों को तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले और भारतीय राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार (NFAI) ने इनकी फिल्मों को संरक्षित किया.
23. श्रीप्रकाश की फिल्मों में आदिवासी समाज के सवाल
फिल्मकार श्रीप्रकाश ने झारखंड के सामाजिक और पर्यावरणीय सवालों पर कई महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट्री फिल्में बनाईं. उनकी फिल्म ‘बुरु गारा’ में कवयित्री निर्मला पुतुल और पत्रकार दयामनी बरला के जरिए आदिवासी महिलाओं की पहचान, भाषा और संघर्ष को केंद्र में रखा गया. इसे 56वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सामाजिक मुद्दों पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म का सम्मान मिला. ‘किसकी रक्षा’, ‘बुरु सेंगल’, ‘बुद्धा वीप्स इन जादूगोड़ा’ और ‘जादूगोड़ा : द ब्लैक मैजिक’ जैसी फिल्मों ने पर्यावरण, परमाणु प्रदूषण और आदिवासी जीवन के सवालों को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाया.
24. ‘ह्यूमन्स इन द लूप’ ने झारखंड की कहानी को हिंदी सिनेमा में पहुंचाया
अरण्य सहाय के निर्देशन में बनी हिंदी फिल्म ‘Humans in the Loop’ झारखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म में आदिवासी महिला नेहमा की कहानी के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा लेबलिंग, ग्रामीण जीवन और तकनीक के बदलते प्रभाव को दिखाया गया है. 2026 में फिल्म को Chetak Screen Awards में छह श्रेणियों में नामांकन मिला, जिनमें बेस्ट सिनेमैटोग्राफी, जेंडर सेंसिटिविटी पर बेस्ट फिल्म, बेस्ट फिल्म राइटिंग, बेस्ट साउंड डिजाइन, ब्रेकथ्रू डेब्यू डायरेक्टर और ब्रेकथ्रू न्यू एक्टर (फीमेल) शामिल थे. इसी वर्ष 11वें FOI Online Awards में इसे बेस्ट फीचर फिल्म और निर्देशक अरण्य सहाय को बेस्ट राइटिंग-ओरिजिनल का पुरस्कार मिला.
25. झारखंड की लोकेशन और कोयलांचल की पृष्ठभूमि पर बनी हिंदी फिल्में
झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, जंगल, पहाड़ और खदानों ने हिंदी सिनेमा को भी आकर्षित किया है. धर्मेंद्र और शर्मिला टैगोर अभिनीत ‘सत्यकाम’ की शूटिंग घाटशिला में हुई थी, जबकि प्रकाश झा की ‘हिप हिप हुर्रे’ रांची और नेतरहाट में फिल्माई गई. जमशेदपुर में ‘उड़ान’ और ‘बबल गम’, मैकलुस्कीगंज में ‘ए डेथ इन द गंज’, रांची-जमशेदपुर में ‘एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’, राजमहल-दुमका में ‘बेगम जान’ और देवघर में ‘पंचलैट’ की शूटिंग हुई. इसके अलावा ‘काला पत्थर’ (चासनाला खदान दुर्घटना), ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ (धनबाद) और ‘कोयलांचल’ जैसी फिल्मों ने राज्य के खनन और औद्योगिक भूगोल को राष्ट्रीय पर्दे पर दिखाया.
26. फिल्म नीति, राष्ट्रीय मंच और संस्थानों से सहयोग
झारखंड सरकार ने 2015 में फिल्म नीति बनाई, जिसका उद्देश्य राज्य में शूटिंग को बढ़ावा देना और स्थानीय भाषाओं की फिल्मों को प्रोत्साहन देना था. 2018 में गोवा में आयोजित 49वें अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में झारखंड को ‘फोकस राज्य’ बनाया गया, जहां ‘बेगम जान’, ‘रांची डायरीज’, ‘ए डेथ इन द गंज’, ‘मोर गांव मोर देश’, ‘अजब सिंह की गजब कहानी’, ‘पंचलैट’ और ‘एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ जैसी फिल्में प्रदर्शित की गईं. इसके अलावा 2026 में झारखंड फिल्म विकास निगम और सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (SRFTI) के बीच सहयोग की पहल हुई, जिससे स्थानीय युवाओं को फिल्म निर्माण और तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर मिलने का रास्ता खुला.
उपलब्धियों के बीच चुनौतियां : प्रतिभा है, लेकिन व्यवस्था की परीक्षा बाकी
झारखंड ने खेल और सिनेमा दोनों क्षेत्रों में प्रतिभा और पहचान हासिल की है, लेकिन इन उपलब्धियों को स्थायी बनाने के लिए व्यवस्थागत सुधार जरूरी हैं.
2015 की फिल्म नीति के बावजूद स्थानीय कलाकारों और फिल्मकारों का आरोप है कि अनुदान का लाभ बाहरी निर्माताओं को मिला, जबकि स्थानीय फिल्मों की उपेक्षा हुई. फिल्म सिटी का निर्माण आज भी अधूरा है और फिल्म विकास निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है.
कलाकारों ने स्थानीय फिल्मों के लिए सिनेमाघरों में सुबह के शो तय करने, पंचायत व धूमकुड़िया भवनों में स्क्रीनिंग की व्यवस्था करने, कलाकारों के सरकारी पंजीकरण, बीमा-पेंशन और तकनीकी प्रशिक्षण की मांग उठाई. स्पष्ट है कि समस्या नीति बनाने की नहीं, बल्कि उसके ईमानदार क्रियान्वयन की है.
वहीं खेल नीति-2022 में छात्रवृत्ति, बीमा, पेंशन और सरकारी नौकरियों में दो प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है. ग्रामीण स्तर पर मैदान, उपकरण और प्रशिक्षकों की भारी कमी है—राज्य के किसी भी जिले में कबड्डी के लिए टर्फ तक उपलब्ध नहीं है.
Also Read : 26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां : भाग 4 – 6,067 करोड़ का पहला बजट, अब 1.50 लाख करोड़ रुपये


No comments yet. Be the first to comment!