देश के चुनावी नक्शे में बड़े बदलाव की तैयारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है. इसके लागू होने पर झारखंड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 हो सकती हैं. वहीं, देश में निर्वाचित लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़कर करीब 816 हो सकती है. प्रस्ताव में राज्यों के बीच मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व को 2051 तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी शामिल है.
सरकार इस प्रस्ताव के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता भी तैयार कर रही है. अब 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है.
543 से बढ़कर 816 हो सकती हैं लोकसभा सीटें
प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा की मौजूदा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी. इससे निर्वाचित सीटों की संख्या करीब 816 हो सकती है. लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 रखने का भी प्रस्ताव है.
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता रही है कि जनसंख्या के आधार पर सीटें बढ़ने से संसद में उनका प्रतिनिधित्व घट सकता है. नए प्रस्ताव में राज्यों के बीच मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी 2051 तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है. इसका उद्देश्य सीटें बढ़ाने के बावजूद राज्यों के बीच संसदीय संतुलन बनाए रखना है.
महिला आरक्षण और झारखंड की सीटों में वृद्धि की तैयारी
संसद ने 2023 में 106वें संविधान संशोधन के जरिए लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया था. इसके क्रियान्वयन को जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया था. अब केंद्र सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
झारखंड में फिलहाल लोकसभा की 14 और विधानसभा की 81 सीटें हैं. प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं. विधानसभा क्षेत्रों की संख्या में 121 सीटे वृद्धि की संभावना है. इससे राज्य में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं, राजनीतिक समीकरण और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व बदल सकते हैं.
कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सरकार को संसद में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराना होगा. इसके लिए दोनों सदनों में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होगी. अप्रैल 2026 में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक समर्थन नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो पाया था.
इस बार सरकार नए प्रस्ताव के साथ संसद में समर्थन जुटाने की कोशिश करेगी. विधेयक पारित होने और संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परिसीमन का नया ढांचा लागू हो सकेगा.


No comments yet. Be the first to comment!