Foundation day Inside Header and Homepage 1st
- Advertisement -

पूर्व CJI बीआर गवई ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, कहा- 5 प्रतिशत से कम आबादी को 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व, हस्तक्षेप की मांग

Foundation Day Square Ad
- Advertisement -
जोहार लाइव ब्यूरो
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई ने न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति को लेकर कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है. 27 नवंबर को लिखे इस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि न्यायिक नियुक्तियों में एक खास समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने दावा किया कि देश की आबादी में 5 प्रतिशत से कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में प्रतिनिधित्व 40 प्रतिशत से अधिक है. गवई ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने की मांग की है.
बीआर गवई ने पत्र में कहा है कि वे यह मुद्दा एक पूर्व मुख्य न्यायाधीश और नागरिक के रूप में जिम्मेदारी महसूस करते हुए उठा रहे हैं. उनके अनुसार, जब वे कॉलेजियम के सदस्य और बाद में उसके प्रमुख थे, तब न्यायाधीशों की नियुक्ति में विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों का ध्यान रखा जाता था. अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक समुदायों, महिलाओं और सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जाता था.

एक खास समुदाय को प्राथमिकता देने का आरोप

पूर्व CJI ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कॉलेजियम की सिफारिशों में योग्यता और समावेशिता के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है. उनके मुताबिक, एक विशेष समुदाय के उम्मीदवारों को नियुक्ति और पदोन्नति में तरजीह दी जा रही है, जबकि अन्य समुदायों के योग्य उम्मीदवार पीछे छूट रहे हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सामान्य वर्ग या किसी अन्य समुदाय के उम्मीदवारों के खिलाफ नहीं हैं. उनका कहना है कि सभी वर्गों के योग्य उम्मीदवारों को समान अवसर मिलना चाहिए. लेकिन मौजूदा परिस्थितियों से यह धारणा बन रही है कि सिफारिशें एक समुदाय को खुश करने और पुरस्कृत करने पर केंद्रित हैं.

न्यायपालिका में सामाजिक प्रतिनिधित्व पर सवाल

गवई ने हाईकोर्टों में जजों की नियुक्ति के आंकड़ों का भी हवाला दिया है. उन्होंने संसद में मार्च 2025 में दी गई जानकारी का उल्लेख करते हुए बताया कि 2018 से हाईकोर्ट में नियुक्त 715 जजों में 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे.
उन्होंने इन आंकड़ों के आधार पर उच्च न्यायपालिका में सामाजिक प्रतिनिधित्व की स्थिति पर चिंता जताई. उनका कहना है कि न्यायपालिका में नियुक्तियों के दौरान समाज के सभी वर्गों को पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए.
पत्र में पूर्व CJI ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के तबादलों और पदस्थापन को लेकर भी चिंता जताई है. उन्होंने कुछ नियुक्तियों और तबादलों के संदर्भ में सवाल उठाया कि आखिर किन आधारों पर एक मुख्य न्यायाधीश को छोटे हाईकोर्ट में भेजा गया और बाद में बड़े हाईकोर्ट में नियुक्ति की सिफारिश की गई, जबकि दूसरे मुख्य न्यायाधीश को उस पद से हटाकर छोटे हाईकोर्ट में भेज दिया गया.
उनके अनुसार, इस तरह के फैसलों से न्यायपालिका में काम करने वाले न्यायाधीशों का मनोबल प्रभावित हो सकता है और नियुक्तियों की प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े होते हैं.

राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग

बीआर गवई ने अपने पत्र में संविधान के अनुच्छेद 124(2) का भी उल्लेख किया है. यह अनुच्छेद सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित है. उन्होंने कहा कि कॉलेजियम की सिफारिशों को महत्व मिलने का अर्थ यह नहीं है कि नियुक्तियों की प्रक्रिया जवाबदेही से मुक्त हो जाती है.
उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में संज्ञान लेने और उचित हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि न्यायपालिका में योग्यता, विविधता और सामाजिक प्रतिनिधित्व के सिद्धांतों का पालन सुनिश्चित हो सके.
AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More
💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More