झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के अध्यक्ष को पत्र लिखकर सिमडेगा में व्हिसिलब्लोअर पत्रकार अभिषेक भारती के साथ कथित हिरासत में यातना के मामले में स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है.
भेजे गए इस पत्र में मरांडी ने कहा कि यह प्रकरण सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बारा से जुड़े एक नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने से जुड़ा है. उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि प्रभावशाली आरोपी के प्रति पुलिस का रवैया नरम है, जबकि मामला सामने लाने वाले पत्रकार को हिरासत में कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया.
पत्र के अनुसार, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर कहा गया है कि पाकरटांड़ थाना पुलिस ने 25 नवंबर की रात से 26 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे तक हिरासत में कथित रूप से मारपीट की और अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाया. पत्र में यह भी दर्ज है कि इस विवरण की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन हिरासत में लिए गए हस्ताक्षरों वाले कागजातों की जांच होनी चाहिए.
पत्र के मुताबिक, रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाए जाने पर अभिषेक भारती कथित तौर पर चलने-फिरने की स्थिति में नहीं थे और मजिस्ट्रेट के सामने बेहोश हो गए. आरोप है कि अदालत के निर्देश के बावजूद उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने ले जाया गया और हालत और बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वे अचेत अवस्था में थे.
पत्र में दावा किया गया है कि न्यायालय परिसर में घटना का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाने ले जाकर करीब चार घंटे बैठाए रखा गया, उनके मोबाइल फोन लिए गए और वीडियो मिटाने के बाद छोड़ा गया.
NHRC से की गई मांगें
बाबूलाल मरांडी ने पत्र के माध्यम से आयोग से आग्रह किया है कि इस पूरे मामले में स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए. उन्होंने मांग की है कि अभिषेक भारती को समुचित चिकित्सा सुविधा मिले और स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से चोटों का विस्तृत अभिलेख तैयार कराया जाए.
इसके साथ ही पाकरटांड़ थाना, सिमडेगा टाउन थाना और न्यायालय परिसर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, स्टेशन डायरी, हिरासत व पेशी के दस्तावेज और सदर अस्पताल का चिकित्सा रजिस्टर सुरक्षित किया जाए.
मरांडी ने यह भी कहा है कि चिकित्सकीय रूप से सक्षम होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में मजिस्ट्रेट के समक्ष अभिषेक भारती का बयान दर्ज कराया जाए. अंत में उन्होंने मांग की है कि वीडियो मिटाने के आरोपों की जांच हो और संबंधित तीन पत्रकारों को सुरक्षा देते हुए उनका बयान दर्ज किया जाए.


No comments yet. Be the first to comment!