Foundation day Inside Header and Homepage 1st
- Advertisement -

सोबरन मांझी की शहादत से निकली झारखंड आंदोलन की चिंगारी, अब नई पीढ़ी आगे बढ़ाएगी संघर्ष : हेमंत सोरेन

Foundation Day Square Ad
- Advertisement -
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीद सोबरन मांझी की शहादत झारखंड आंदोलन की उन शुरुआती चिंगारियों में से एक थी, जिसने आगे चलकर अलग राज्य के संघर्ष को दिशा दी. लुकैयाटांड़ की ऐतिहासिक धरती पर सोबरन मांझी के 69वें शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जिस सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ सोबरन मांझी ने संघर्ष किया, उसी संघर्ष की विरासत को दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने आगे बढ़ाया और अब नई पीढ़ी इसे आगे ले जाने का संकल्प ले रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुकैयाटांड़ के घने जंगलों के बीच एक शिक्षक की निर्मम हत्या हुई थी. उस समय शायद बहुत कम लोग इस घटना के ऐतिहासिक महत्व को समझ पाए थे. लेकिन धीरे-धीरे इसकी आवाज दूर तक पहुंची और लोगों को एहसास हुआ कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं थी, बल्कि सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ उठने वाली आवाज को दबाने की कोशिश थी.
उन्होंने कहा कि शहीद सोबरन मांझी के शहादत दिवस को ऐतिहासिक पहचान दिलाने का काम दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया. उन्होंने इस दिन को संघर्ष और प्रेरणा के प्रतीक के रूप में स्थापित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सोबरन मांझी की शहादत से निकली चिंगारी को गुरुजी ने आगे बढ़ाया और उनके जीवन के अंतिम वर्षों तक इस संघर्ष की लौ जलती रही. अब उनकी नई पीढ़ी इस विरासत को आगे ले जाने का संकल्प ले रही है.

अलग-अलग इलाकों में उठी चिंगारी ने बनाया झारखंड राज्य का विचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन किसी एक घटना या एक इलाके तक सीमित नहीं था. गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, कोल्हान, उत्तरी और दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक अलग-अलग जगहों पर अत्याचार के खिलाफ छोटी-बड़ी आवाजें उठ रही थीं. इन संघर्षों और शहादतों ने धीरे-धीरे एक बड़े आंदोलन का रूप लिया और अलग राज्य बनाने का विचार मजबूत हुआ.
उन्होंने कहा कि उस दौर में जब आदिवासी-मूलवासी समाज के गरीब लोग अपने अधिकारों की बात करने से भी डरते थे, तब अलग राज्य बनाने की कल्पना पर लोग हंसते थे. लोग कहते थे कि गरीब-गुरबा और मूलवासी अपना राज्य कैसे बना पाएंगे. लेकिन इसी समाज के लोगों ने संघर्ष करके अलग झारखंड राज्य लेकर दिखाया.
हेमंत सोरेन ने कहा कि जैसे बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव को याद किया जाता है, वैसे ही सोबरन मांझी और झारखंड आंदोलन के दूसरे मार्गदर्शकों को भी उनके साहस और संघर्ष के लिए याद किया जाना चाहिए. इतिहास गवाह है कि समाज किसी घटना से प्रेरणा लेता है और फिर उसी प्रेरणा को आधार बनाकर आगे बढ़ता है.

50 लाख महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद अब यहां के आदिवासी-मूलवासी समाज को अपने पैरों पर खड़ा करने की जिम्मेदारी भी इसी समाज के लोगों की है. राज्य की आंतरिक परिस्थितियों को यहां के लोग बेहतर समझते हैं. गांव-देहात से लेकर शहरों तक लोगों को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि राज्य की करीब 50 लाख महिलाओं को 18 से 50 वर्ष की आयु के बीच हर महीने 2,500 रुपये देने का काम किया जा रहा है. उन्होंने इसे गरीबी से बाहर निकलने और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी योजना देश के दूसरे राज्यों में नहीं चल रही है.

झारखंड अब शोषण करने वालों के लिए पहले जैसा नहीं

मुख्यमंत्री ने केंद्र के साथ राज्य के अधिकारों और आर्थिक संसाधनों को लेकर भेदभाव का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि राज्य अपने संसाधनों से कमाई करने की कोशिश करता है, लेकिन कई बार उसके रास्ते बंद करने का प्रयास किया जाता है. राज्य को अलग-अलग माध्यमों से जो अधिकार और संसाधन मिलने चाहिए, उन्हें रोकने की कोशिश होती है.
उन्होंने कहा कि झारखंड ने जिस तरह संघर्ष करके अपना अलग राज्य हासिल किया है, उसी तरह अपने अधिकार भी संघर्ष करके हासिल करेगा. अब यह पहले वाला झारखंड नहीं है, जहां बाहर से आकर लोग यहां के लोगों का शोषण कर सकें. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा, “पहले हम अपना अधिकार पाएंगे, फिर किसी और को देंगे.”
AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More
💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More