जामताड़ा: बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर जा रहे एक नवविवाहित जोड़े की कार शुक्रवार, 27 नवंबर की सुबह जामताड़ा में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा के पास होंडा कार अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में नवविवाहिता समेत परिवार के चार सदस्य घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी शंभू बरनवाल (56), उनकी पत्नी ज्योति बरनवाल (50), बेटा और बहू नंदिनी बरनवाल (28) कार से देवघर जा रहे थे. बेटे की शादी महज दो दिन पहले हुई थी. शादी के बाद नवदंपती परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए निकले थे.
बताया जाता है कि कार नवविवाहित दूल्हा चला रहा था. मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा के पास उसे नींद की झपकी आ गई. इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में नवविवाहिता नंदिनी के माथे पर गंभीर चोट आई. उनके सिर में कई टांके लगाए गए हैं. वहीं, शंभू बरनवाल को सीने में दर्द की शिकायत हुई और उनकी पत्नी ज्योति भी घायल हो गईं.
घटना की सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे की खबर मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंचे.


No comments yet. Be the first to comment!