जोहार लाइव ब्यूरो
चतरा: पटना और रांची के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के साथ झारखंड में कोयले की ढुलाई बढ़ाने की तैयारी है. इसके लिए 3,063 करोड़ रुपये की लागत से कोडरमा-बरकाकाना (अरिगड़ा) रेल लाइन का दोहरीकरण किया जा रहा है. करीब 133 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए अब चतरा जिले के मयूरहंड अंचल स्थित मंझगांवा गांव की 0.32005 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी. केंद्र सरकार ने इसके लिए जमीन अधिग्रहण की घोषणा जारी कर दी है.
केंद्र सरकार ने जून 2025 में इस परियोजना को मंजूरी दी थी. परियोजना पूरी होने से कोडरमा, चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ जिले के 938 गांवों की करीब 15 लाख आबादी को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. इस रेलखंड के दोहरीकरण से यात्री ट्रेनों के परिचालन की क्षमता बढ़ेगी और कोयला समेत अन्य माल की ढुलाई भी तेज होगी. यह पटना और रांची के बीच सबसे छोटे रेल संपर्क मार्ग के रूप में भी महत्वपूर्ण है.
मंझगांवा के प्लॉट नंबर 262 की जमीन होगी अधिग्रहित
रेल मंत्रालय (पूर्व मध्य रेलवे) की अधिसूचना के अनुसार, मंझगांवा गांव के प्लॉट नंबर 262 की आंशिक जमीन अधिग्रहित की जाएगी. कुल 0.32005 हेक्टेयर जमीन में 0.17887 हेक्टेयर बकास्त रैयती जमीन और 0.00886 हेक्टेयर गैरमजरुआ खास परती कदीम जमीन शामिल है.
इसके अलावा तीन निजी जमीन मालिकों की धनखेत जमीन भी अधिग्रहण की सूची में है. इनमें बृज नारायण सिंह और सुरेंद्र सिंह, जानकी ठाकुर (पिता पचन ठाकुर) तथा नंदकिशोर सिंह एवं अन्य (पिता सरयू सिंह) के नाम दर्ज हैं. इन तीनों की जमीन का कुल रकबा 0.13232 हेक्टेयर है.
कोयला ढुलाई की क्षमता भी बढ़ेगी
यह परियोजना झारखंड के कोयला उत्पादक क्षेत्रों के लिए भी महत्वपूर्ण है. रेल लाइन दोहरी होने से इस मार्ग पर मालगाड़ियों की आवाजाही की क्षमता बढ़ेगी. परियोजना से सालाना 30.4 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई की क्षमता विकसित होने का अनुमान है. इससे रेलवे को माल परिवहन में मदद मिलेगी और सड़क मार्ग पर माल ढुलाई का दबाव भी कम हो सकता है.
रेल मंत्रालय ने जमीन अधिग्रहण के इरादे से संबंधित प्रारंभिक अधिसूचना 31 मई 2025 को जारी की थी. अधिसूचना के मुताबिक, निर्धारित अवधि में जमीन अधिग्रहण को लेकर कोई आपत्ति प्राप्त नहीं हुई. इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी.


No comments yet. Be the first to comment!