Foundation day Inside Header and Homepage 1st
- Advertisement -

झारखंड: न परीक्षा, न डिग्री और न नौकरी का रास्ता, रांची विश्वविद्यालय में नर्सिंग छात्रों का फूटा गुस्सा; 4 सेमेस्टर की जगह हुई सिर्फ एक परीक्षा

Foundation Day Square Ad
- Advertisement -
रांची. रांची विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक सत्र लगातार पिछड़ रहा है. चार साल के कोर्स में परीक्षा और रिजल्ट की देरी ने विद्यार्थियों के सामने भविष्य का संकट खड़ा कर दिया है. 2024-28 बैच के चार सेमेस्टर की परीक्षाएं हो जानी चाहिए थीं, लेकिन अब तक केवल एक सेमेस्टर की परीक्षा हुई है. वहीं, 2025-29 बैच के विद्यार्थियों का अब तक पंजीकरण तक नहीं हुआ है. इससे नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार, 27 नवंबर को रांची विश्वविद्यालय परिसर स्थित टैगोर भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया.
छात्रों का कहना है कि समय पर परीक्षा नहीं होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा पास कर ली है, उन्हें भी मार्कशीट और डिग्री नहीं मिलने के कारण परेशानी हो रही है. वे दूसरे राज्यों में नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं. वहीं, मास्टर्स कोर्स में दाखिले के लिए भी आवेदन करने में दिक्कत आ रही है. छात्रों ने विश्वविद्यालय से समय पर पंजीकरण, परीक्षा और रिजल्ट जारी करने की मांग की.

दो साल में चार सेमेस्टर की जगह सिर्फ एक परीक्षा

बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा ने जोहार लाइव को बताया कि वह तीसरे वर्ष में पढ़ रही हैं, लेकिन अब तक केवल एक सेमेस्टर की परीक्षा हुई है. उनके अनुसार, अब तक चार सेमेस्टर की परीक्षाएं हो जानी चाहिए थीं. पहली परीक्षा भी दो बार प्रदर्शन करने के बाद आयोजित की गई.
छात्रा ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा पास कर ली है, वे भी परेशान हैं. मार्कशीट नहीं मिलने के कारण उन्हें बाहर नौकरी नहीं मिल रही है और न ही मास्टर्स में दाखिला मिल पा रहा है. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की इस व्यवस्था से उनके जैसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है.
एक अन्य छात्रा ने बताया कि जब भी विद्यार्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हैं, विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा की तारीख जारी कर दी जाती है. लेकिन बाद में उस तारीख का पालन नहीं होता. पिछले प्रदर्शन के बाद भी परीक्षा का टेंटेटिव शेड्यूल जारी किया गया था, लेकिन उसके अनुसार परीक्षा नहीं हुई. छात्रा का कहना है कि एक सेमेस्टर की परीक्षा की तारीख जारी करने के बाद विश्वविद्यालय फिर कोई कार्रवाई नहीं करता.

कॉलेज से निकल चुके छात्र के पास न डिग्री, न नौकरी

2022-26 बैच के एक छात्र ने बताया कि कई बार प्रदर्शन करने पर परीक्षा कराने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन वास्तविकता में कुछ नहीं होता. वह कॉलेज से निकल चुके हैं, लेकिन डिग्री नहीं मिलने के कारण नौकरी के अवसरों से वंचित हैं.
उन्होंने बताया कि अभी चार सेमेस्टर की परीक्षाएं हुई हैं. बाकी चार सेमेस्टर की परीक्षाएं और पूरी प्रक्रिया कब तक पूरी होगी, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है. अगर इसी रफ्तार से परीक्षा होती रही तो डिग्री मिलने में दो साल और लग सकते हैं. इससे विद्यार्थियों का भविष्य अधर में है.
वहीं, 2025-29 बैच की एक छात्रा ने बताया कि उनका अब तक पंजीकरण भी नहीं हुआ है. उन्हें यह तक जानकारी नहीं है कि उनकी परीक्षा कब होगी.

डेढ़ साल से आंदोलन कर रहे छात्र

छात्र नेता विनय ने कहा कि इस समस्या को लेकर विद्यार्थियों की लड़ाई पिछले डेढ़ साल से चल रही है. विश्वविद्यालय में समय पर परीक्षा नहीं हो रही है, रिजल्ट जारी नहीं हो रहा और विद्यार्थियों का प्रमोशन भी समय पर नहीं मिल रहा है. छात्रों को अपनी मांगों के लिए बार-बार प्रदर्शन करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि चार साल का कोर्स छह साल तक खिंच रहा है. इसके बावजूद व्यवस्था इतनी खराब है कि कोर्स पूरा करने के बाद भी विद्यार्थियों को डिग्री नहीं मिल रही है. छात्र अपने भविष्य को लेकर परेशान हैं और उन्हें लगातार भटकना पड़ रहा है.

छात्रों की तीन प्रमुख मांगें

प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तीन प्रमुख मांगें रखीं. इनमें सभी विद्यार्थियों का समय पर पंजीकरण, निर्धारित समय पर सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन और परीक्षा के बाद समय पर रिजल्ट जारी करना शामिल है. छात्रों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई चाहिए, ताकि उनका शैक्षणिक सत्र और भविष्य बर्बाद होने से बच सके.
AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More
💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More