Foundation day Inside Header and Homepage 1st
- Advertisement -

26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां : भाग 4 – 6,067 करोड़ का पहला बजट, अब 1.50 लाख करोड़ रुपये

Foundation Day Square Ad
- Advertisement -

विजय उरांव, जोहार लाइव संवाददाता 

15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर अस्तित्व में आए झारखंड ने 26 वर्षों में अपनी अर्थव्यवस्था का दायरा बढ़ाया है. जोहार लाइव की इस विशेष सीरीज की पहली कड़ी में शिक्षा, दूसरी कड़ी में स्वास्थ्य और तीसरी कड़ी में सड़क, रेल, हवाई संपर्क व ऊर्जा क्षेत्र में आए बदलावों की पड़ताल की गई थी. अब चौथी कड़ी में बजट, GSDP, प्रति व्यक्ति आय, खनन, भारी उद्योग, MSME, कृषि, वन आधारित कारोबार और सेवा क्षेत्र के आंकड़ों से समझिए कि राज्य गठन से लेकर अब तक झारखंड की अर्थव्यवस्था कितनी बदली है और उत्पादन से कारोबार तक राज्य ने कितनी प्रगति की है.

झारखंड की पहचान लंबे समय तक खनिज संपदा और बड़े औद्योगिक संयंत्रों तक सीमित रही है. लेकिन राज्य गठन के बाद बीते 26 वर्षों में यहां की अर्थव्यवस्था का दायरा बढ़ा है. वर्ष 2000-01 में राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) 34,323 करोड़ रुपये और प्रति व्यक्ति आय 10,345 रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर क्रमशः 5,16,255 करोड़ रुपये और 1,16,663 रुपये पर पहुंच गई है. इसी तरह, 2001-02 में 6,067 करोड़ रुपये से शुरू हुआ राज्य का बजट 2026-27 में 1,50,106 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है. उत्पादन के मोर्चे पर कोयला 33.52 मिलियन टन से बढ़कर 206.19 मिलियन टन, बिजली की आवंटित क्षमता 420 मेगावाट से बढ़कर 8,368.42 मेगावाट और तसर उत्पादन 100 मीट्रिक टन से बढ़कर 1,362.4 मीट्रिक टन हो गया है.

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

झारखंड की आर्थिक तस्वीर को केवल बड़े उद्योगों और खनिज उत्पादन से ही नहीं बल्कि इसमें छोटे कारोबार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि, वन आधारित आजीविका, परिवहन, बैंकिंग, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सेवाओं की भी बड़ी भूमिका है.

झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के मुताबिक, राज्य की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र अब सबसे बड़ा योगदानकर्ता बन चुका है. वहीं खनन और विनिर्माण आज भी राज्य की आर्थिक पहचान के प्रमुख आधार हैं.

राज्य की अर्थव्यवस्था और वित्तीय विकास

1. राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ा

राज्य गठन के समय वर्ष 2000-01 में झारखंड का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 34,323 करोड़ रुपये था. 2011-12 में वास्तविक GSDP 1,50,918 करोड़ रुपये रहा, जो 2024-25 में दोगुना होकर 3,03,178 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं 2024-25 में वर्तमान कीमतों पर GSDP 5,16,255 करोड़ रुपये आंका गया है, वर्ष 2025-26 में 5.6 लाख करोड़ रुपये पार पहुँच गया और वर्ष 2024-25 में राज्य की वास्तविक आर्थिक विकास दर 7.02 प्रतिशत रही, जबकि राष्ट्रीय विकास दर 6.5 प्रतिशत थी.

Foundation Day Square Ad
- Advertisement -

2. प्रति व्यक्ति आय एक लाख रुपये के पार

राज्य गठन के समय 2000-01 में झारखंड की प्रति व्यक्ति आय 10,345 रुपये थी. 2024-25 में वर्तमान कीमतों पर यह पहली बार एक लाख रुपये का आंकड़ा पार करते हुए 1,16,663 रुपये पर पहुंच गई, वर्ष 2025-26 में 1,25,677 रुपये तक पहुंची. स्थिर कीमतों पर प्रति व्यक्ति आय 2011-12 के 41,254 रुपये से बढ़कर 2024-25 में 68,357 रुपये हो गई.

3. राज्य के बजट का आकार बढ़ा

झारखंड के पहले पूर्ण वित्तीय वर्ष 2001-02 में राज्य का बजट 6,067 करोड़ रुपये था, जो 2026-27 में लगभग 18 गुना बढ़कर 1,50,106 करोड़ रुपये प्रस्तावित है. 2026-27 के बजट में राजस्व प्राप्तियों का अनुमान 1,36,210 करोड़ रुपये है. इसमें राज्य के अपने संसाधनों से 66,699 करोड़ रुपये और केंद्र से 69,511 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है.

4. राज्य के अपने राजस्व की क्षमता में विस्तार

खनिज संसाधनों, GST, स्टांप एवं निबंधन शुल्क और उत्पाद शुल्क से राज्य को राजस्व मिलता है. 2026-27 में झारखंड के अपने कर राजस्व का अनुमान 45,999 करोड़ रुपये और गैर-कर राजस्व का अनुमान 20,700 करोड़ रुपये है. गैर-कर राजस्व में खनन से मिलने वाली राशि की प्रमुख भूमिका है. इसके साथ ही जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) फंड से खनन प्रभावित जिलों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हुए हैं.

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

5. पूंजीगत खर्च और परिसंपत्ति निर्माण

सड़क, पुल, भवन, सिंचाई और बिजली पर होने वाला पूंजीगत खर्च अर्थव्यवस्था की क्षमता बढ़ाता है. 2026-27 में झारखंड ने पूंजीगत लेखे से 37,708 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान किया है. राज्य गठन के समय सीमित सड़क संपर्क के मुकाबले आज पथ निर्माण विभाग के अधीन 15,046.52 किलोमीटर सड़कें और 3,618 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का नेटवर्क तैयार हुआ है.

खनन और खनिज अर्थव्यवस्था

6. कोयला खनन अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार बना

झारखंड देश के प्रमुख कोयला उत्पादक राज्यों में शामिल है. कोयला मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2000-01 में झारखंड का कोयला उत्पादन 33.52 मिलियन टन था, जो 2024-25 में 6 गुना से अधिक बढ़कर 206.19 मिलियन टन पहुंच गया. धनबाद (BCCL), रामगढ़-हजारीबाग-चतरा-लातेहार (CCL) और गोड्डा-पाकुड़ (ECL) क्षेत्र में कोयला खनन से बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका और परिवहन कारोबार जुड़ा है. राज्य को खनन से रॉयल्टी और अन्य मदों में बड़ा राजस्व मिलता है.

7. लौह अयस्क और दूसरे खनिजों का उत्पादन

झारखंड में लौह अयस्क, बॉक्साइट, तांबा, यूरेनियम, चूना पत्थर और डोलोमाइट के बड़े भंडार हैं. पश्चिमी सिंहभूम का नोवामुंडी, किरीबुरू, मेघाहातुबुरू और गुआ लौह अयस्क खनन का प्रमुख केंद्र है. पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला और जादूगोड़ा क्रमशः तांबा और यूरेनियम (UCIL) के लिए जाने जाते हैं, जबकि लोहरदगा, गुमला और लातेहार में बॉक्साइट का खनन होता है.

8. खनिज आधारित कारोबार का विस्तार

खनन से केवल खनिज निकासी ही नहीं, बल्कि माल ढुलाई, भारी मशीनरी, मरम्मत, ठेका सेवाएं, भंडारण और प्रसंस्करण जैसे अनेक कारोबार जुड़े हैं. राज्य में खनिज आधारित उद्योगों के विस्तार से इन सहायक गतिविधियों को भी बड़ा बाजार मिला है.

विनिर्माण और भारी उद्योग

9. इस्पात और भारी इंजीनियरिंग उद्योग का विस्तार

झारखंड की औद्योगिक अर्थव्यवस्था में इस्पात और भारी इंजीनियरिंग की केंद्रीय भूमिका रही है. जमशेदपुर में टाटा स्टील और बोकारो में बोकारो स्टील प्लांट (SAIL) के अलावा सरायकेला में आधुनिक मेटालिक्स और रामगढ़-पतरातु में जिंदल स्टील जैसी इकाइयां स्थापित हुईं. रांची के हटिया स्थित हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) और जमशेदपुर की टिनप्लेट कंपनी ने भारी मशीनरी और इस्पात प्रसंस्करण को आधार दिया. 11वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान राज्य में इस्पात उत्पादन लगभग 80 लाख टन से बढ़कर 1.2 करोड़ टन सालाना पार कर गया था, जिसमें ऑटो ग्रेड स्टील भी शामिल है.

10. एल्युमिना, तांबा और रासायनिक उद्योग

खनिजों की उपलब्धता ने गैर-लौह धातु और रासायनिक उद्योगों को मजबूती दी है. रांची के मूरी में हिंडाल्को का एल्युमिना रिफाइनरी संयंत्र, पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) का तांबा संयंत्र और धनबाद के सिंदरी में पुनर्जीवित उर्वरक कारखाना (HURL) राज्य के प्रमुख औद्योगिक केंद्र हैं. औद्योगिक नीति 2012 के दौर में राज्य में एल्युमिना उत्पादन लगभग 80 हजार मीट्रिक टन से बढ़कर दो लाख मीट्रिक टन से अधिक हुआ था.

11. सीमेंट और निर्माण सामग्री का उत्पादन

चूना पत्थर और कोयले की उपलब्धता के कारण चाईबासा (झींकपानी) में एसीसी, जमशेदपुर में नुवोको विस्टास (लाफार्ज), बोकारो में डालमिया सीमेंट और पलामू के जपला व गढ़वा क्षेत्र में सीमेंट इकाइयों की पहचान रही है. राज्य गठन के बाद सड़क, पुल, आवास और शहरी निर्माण गतिविधियों के विस्तार से निर्माण सामग्री की मांग और स्थानीय उत्पादन में बड़ी वृद्धि हुई है.

12. ऑटोमोबाइल और इंजीनियरिंग कारोबार

जमशेदपुर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र ऑटोमोबाइल और इंजीनियरिंग कारोबार के बड़े केंद्र हैं. जमशेदपुर में टाटा मोटर्स, टाटा कमिंस और टिमकेन इंडिया जैसे बड़े संयंत्रों के साथ आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में 1,000 से अधिक छोटी और मध्यम सहायक (Ancillary) इकाइयां काम कर रही हैं. इसके अलावा बोकारो, रांची (तुपुदाना-नामकुम), देवघर (जसीडीह) और धनबाद (गोविंदपुर) औद्योगिक क्षेत्रों में भी इंजीनियरिंग और विनिर्माण इकाइयों का विस्तार हुआ है.

13. सूक्ष्म, लघु, कुटीर और मध्यम उद्योगों (MSME) का विस्तार

राज्य गठन के समय वर्ष 2000 में राज्य में लगभग 1,000 करोड़ रुपये का शुरुआती औद्योगिक निवेश दर्ज था. इसके बाद सूक्ष्म, लघु और कुटीर उद्योगों का बड़ा नेटवर्क तैयार हुआ. 2001 से 2011 के बीच 18,109 और 2011 से 2016 के बीच 12,996 MSME इकाइयां स्थापित हुईं. आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, 2025-26 के पहले 9 महीनों में ही उद्यम (Udyam) पोर्टल पर 83,000 से अधिक नए सूक्ष्म और लघु उद्यम पंजीकृत हुए हैं, जिनसे लगभग 3.34 लाख रोजगार जुड़े हैं. इसके अलावा राज्य में 2.5 लाख से अधिक पारंपरिक कारीगर और हस्तशिल्प इकाइयां (बांस शिल्प, डोकरा कला, हथकरघा, मिट्टी के बर्तन, काष्ठ कला और स्थानीय खाद्य प्रसंस्करण) झारक्राफ्ट और खादी बोर्ड के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं.

ऊर्जा और बिजली

14. बिजली उत्पादन और ऊर्जा क्षेत्र का विस्तार

राज्य गठन के समय 2000-01 में राज्य बिजली बोर्ड (JSEB) की मुख्य स्थापित क्षमता मात्र 420 मेगावाट थी. आज पतरातू, तेनुघाट (TVNL), चंद्रपुरा, बोकारो, मैथन, कोडरमा और गोड्डा (अदाणी पावर) जैसे बड़े ताप विद्युत संयंत्रों के साथ सुवर्णरेखा व मैथन की जलविद्युत परियोजनाएं ऊर्जा उत्पादन का आधार हैं. केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के अनुसार, जून 2026 तक केंद्रीय व संयुक्त हिस्सेदारी सहित राज्य की कुल आवंटित बिजली क्षमता बढ़कर 8,368.42 मेगावाट हो गई है, जिसमें राज्य सेक्टर की हिस्सेदारी 550.05 मेगावाट है.

15. बिजली वितरण और आपूर्ति व्यवस्था का विस्तार

राज्य गठन के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली कनेक्शन तथा वितरण नेटवर्क का व्यापक विस्तार हुआ है. सबस्टेशन और ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण से घरों तक बिजली पहुंचने के साथ कृषि, छोटे कारोबार और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिली है.

कृषि और खाद्य अर्थव्यवस्था

16. कृषि उत्पादन और विविध खेती की ओर बढ़ता रुझान

राज्य गठन से पहले 1999-2000 में झारखंड में धान का उत्पादन 14.46 लाख टन और गेहूं का उत्पादन 1.12 लाख टन था. यह अब बढ़कर 41.38 लाख टन धान और 4.80 लाख टन गेहूं के स्तर पर पहुंच गया है. धान के अलावा मक्का, दलहन, तिलहन, सब्जियों और बागवानी फसलों की खेती बढ़ने से किसानों को नकदी फसलों की ओर बढ़ने का अवसर मिला है.

17. खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित कारोबार

कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, पैकेजिंग और भंडारण से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम हुआ है. रांची के गेटलसूद मेगा फूड पार्क सहित राज्य के विभिन्न जिलों में टमाटर, आलू, मिर्च, आम, कटहल और लीची आधारित प्रसंस्करण इकाइयों के साथ आटा, चावल, मसाला, तेल और अचार-जैम के छोटे स्थानीय कारोबार ने रोजगार के नए अवसर खोले हैं.

वन आधारित और ग्रामीण अर्थव्यवस्था

18. तसर और रेशम उद्योग में झारखंड की पहचान

वर्ष 2006 तक झारखंड में तसर उत्पादन 100 मीट्रिक टन से कम था, जो 2010-11 में बढ़कर 716 मीट्रिक टन हुआ. केंद्रीय रेशम बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 में यह उत्पादन 1,362.4 मीट्रिक टन पहुंच गया है. सिंहभूम, संथाल परगना और कोल्हान क्षेत्रों में होने वाले इस उत्पादन की देश के कुल तसर में हिस्सेदारी लगभग 71 प्रतिशत है और इससे करीब 5.59 लाख लोगों को रोजगार मिला है.

19. लाह और लघु वनोपज का कारोबार

लाह, महुआ, इमली, साल बीज, केंदू पत्ता और शहद ग्रामीण आजीविका का मजबूत आधार हैं. भारतीय प्राकृतिक राल एवं गोंद संस्थान (रांची) के अनुसार, राज्य में सालाना 15,000 से 18,000 टन लाह का उत्पादन होता है, जो देश के कुल उत्पादन का 55 से 60 प्रतिशत है. खूंटी, सिमडेगा, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम और लातेहार इसके प्रमुख केंद्र हैं. महिला स्वयं सहायता समूहों (सखी मंडलों) और ‘पलाश’ ब्रांड ने वनोपज और स्थानीय उत्पादों के प्रसंस्करण व बाजार को नई गति दी है.

पशुपालन और मत्स्य अर्थव्यवस्था

20. पशुपालन, डेयरी और मुर्गीपालन

गाय, भैंस, बकरी, सूअर और मुर्गीपालन ग्रामीण परिवारों की अतिरिक्त आय का प्रमुख जरिया बने हैं. मेधा डेयरी के नेटवर्क और स्थानीय मांग ने दूध, अंडा, पोल्ट्री और पशु आहार से जुड़े छोटे कारोबार का विस्तार किया है, जिससे स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को सीधा लाभ मिला है.

21. मत्स्य पालन और जलकृषि

तालाबों, जलाशयों (जैसे चांडिल, मैथन, पंचेत, तेनुघाट, तिलैया) और केज कल्चर के जरिए राज्य में मत्स्य पालन का तेजी से विस्तार हुआ है. मछली बीज उत्पादन, चारा आपूर्ति और स्थानीय बिक्री से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और मत्स्य पालकों के लिए आय के नए स्रोत तैयार हुए हैं.

व्यापार, परिवहन और वित्तीय सेवाएं

22. थोक और खुदरा व्यापार का विस्तार

रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और देवघर जैसे शहरों के साथ कस्बों और ग्रामीण हाट-बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं. किराना, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, निर्माण सामग्री, वाहन और दवाओं के थोक व खुदरा कारोबार का दायरा विस्तृत हुआ है, जिसे GST और डिजिटल भुगतान ने नई गति दी है.

23. परिवहन, लॉजिस्टिक्स और भंडारण कारोबार

खनन, उद्योग और व्यापार के विस्तार से माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स सेक्टर बड़ा कारोबार बनकर उभरा है. सड़क और रेल नेटवर्क के जरिए कोयला, इस्पात, सीमेंट और कृषि उत्पादों की ढुलाई के साथ वेयरहाउस, पैकेजिंग और शीत भंडारण का कारोबार भी बढ़ा है.

24. बैंकिंग, बीमा और वित्तीय सेवाओं का विस्तार

राज्य गठन के समय बैंकिंग सुविधाएं मुख्य रूप से शहरों तक सीमित थीं. आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, सितंबर 2025 तक राज्य में 3,449 बैंक शाखाएं और 3,338 एटीएम काम कर रहे हैं. बैंकिंग संवाददाताओं (BC) और डिजिटल भुगतान की पहुंच बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन मजबूत हुआ है.

सेवा और नई अर्थव्यवस्था

25. पर्यटन, होटल और रेस्टोरेंट कारोबार

देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ, रजरप्पा, पारसनाथ, नेतरहाट, बेतला नेशनल पार्क, दशम, हुंडरू और जोन्हा जलप्रपात जैसे धार्मिक व प्राकृतिक स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ी है. इसके साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, स्थानीय गाइड और हस्तशिल्प के कारोबार का विस्तार हुआ है.

26. शिक्षा, स्वास्थ्य, निर्माण, रियल एस्टेट और IT सेवाएं

आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के मुताबिक, राज्य के GSDP में सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी 2011-12 के 38.54 प्रतिशत से बढ़कर 2024-25 में 45.56 प्रतिशत हो गई है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और देवघर में निजी अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, कोचिंग केंद्रों, रियल एस्टेट, आईटी पार्क, स्टार्टअप और डिजिटल सेवाओं से जुड़े कारोबार तेजी से उभरे हैं.

उपलब्धियों के साथ ये चुनौतियां भी

झारखंड ने 26 वर्षों में अपनी अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ाया है. बजट, कोयला उत्पादन, तसर, MSME और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है. लेकिन इन उपलब्धियों के बावजूद राज्य के सामने कुछ बुनियादी चुनौतियां बनी हुई हैं.

झारखंड से बड़े पैमाने पर खनिज निकलते हैं, लेकिन कच्चे खनिज के बजाय तैयार उत्पादों और डाउनस्ट्रीम उद्योगों का विस्तार अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पाया है. स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन और DMF फंड का पारदर्शी उपयोग जरूरी है.

अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ने के बावजूद राज्य के युवाओं के लिए पर्याप्त गुणवत्तापूर्ण रोजगार पैदा करना चुनौती है. बड़ी संख्या में लोग काम की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर जाते हैं.

निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) और घोषणाओं को जमीन पर उतारना, उत्पादन शुरू करना और रोजगार पैदा करना असली कसौटी है.

वर्षा पर निर्भर खेती, सिंचाई की कमी, छोटे खेत और भंडारण की सीमित व्यवस्था किसानों की आय बढ़ाने में बड़ी बाधा हैं.

MSME और कुटीर उद्योगों को सस्ता ऋण, तकनीक, प्रशिक्षित श्रमिक और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना जरूरी है.

औद्योगिक गतिविधियां कुछ जिलों तक सीमित हैं, जिन्हें दूरस्थ और आदिवासी इलाकों तक ले जाना जरूरी है. साथ ही आवंटित बजट का समय पर शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करना भी बड़ी चुनौती है.

खनन और भारी उद्योगों के साथ भूमि अधिग्रहण, विस्थापन, प्रदूषण, जल संकट और वन क्षरण की समस्याएं जुड़ी हैं, जिनका संतुलित समाधान आवश्यक है.

Also Read : 26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां : भाग 3 : सड़क, रेल, हवाई और ऊर्जा के क्षेत्र में कितना बदला राज्य

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More
💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More