Patna : पटना नगर निगम की 10वीं साधारण बोर्ड बैठक आज यानी शनिवार को होने जा रही है। यह बैठक करीब सात महीने बाद आयोजित हो रही है। पिछली 9वीं बोर्ड बैठक जुलाई 2025 में हुई थी, जिसमें हंगामा इतना बढ़ गया था कि पार्षदों के बीच मारपीट और कुर्ता फाड़ने जैसी नौबत तक आ गई थी।
आज का एजेंडा : बुनियादी सुविधाओं से लेकर वित्तीय योजनाएं
आज की बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा है नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना। इसके अलावा बैठक में शामिल प्रस्तावों में मुख्य रूप से ये मुद्दे हैं :
- पहले की बैठकों की कार्यवाही की संपुष्टि
- डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए नए वाहन और उपकरण खरीदना
- नगर निगम विज्ञापन नियमावली में संशोधन
- वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रत्येक वार्ड में एक-एक करोड़ रुपये की विकास योजनाएं
- म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने के प्रस्ताव
निगम की तैयारी : नए वाहन और मशीनरी
नगर निगम इस बैठक में 150 ई-रिक्शा वाहन, 150 क्लोज टिपर और 75 ओपन टिपर खरीदने की तैयारी में है। इसके साथ ही करीब 20 हाई यील्ड बोरिंग करने पर भी मुहर लगेगी।

टैक्स बढ़ोतरी और सड़क सुधार भी एजेंडा में
सितंबर 2025 में विभाग की अधिसूचना के अनुसार, गैर-आवासीय संपत्तियों का टैक्स बढ़ा दिया गया है। इसका असर होटल, जिम, विवाह भवन, निजी अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लिनिक और कोचिंग संस्थानों पर होगा। बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा होगी। इसके अलावा शहर की मुख्य सड़कों को प्रधान मुख्य सड़क में शामिल करने का प्रस्ताव भी पास किया जाएगा।
मेयर और आयुक्त के बीच विवाद
9वीं बोर्ड बैठक में मेयर सीता साहू और नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर के बीच एजेंडों को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। पार्षदों के दो गुटों में हाथापाई और कुर्ता फाड़ने तक की नौबत आई थी। उस समय आयुक्त द्वारा बैठक के बहिष्कार के बावजूद 12 एजेंडे पास किए गए थे। बैठक में मेयर के बेटे शिशिर कुमार की मौजूदगी और पार्षदों से दुर्व्यवहार की खबर के बाद पुलिस रात में उनके घर तक पहुंच गई थी। नगर आयुक्त ने आरोप लगाया था कि शिशिर ने बैठक में हथियारबंद बाउंसर बुलाए थे।
आज की बैठक में हंगामे की आशंका
जैसा कि पिछली बैठक में हुआ था, आज की बैठक में भी हंगामे के आसार हैं। पार्षदों के गुटों के बीच विवादित एजेंडों को लेकर बहस की संभावना बनी हुई है।
Also Read : गिरिडीह में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, 8 ट्रैक्टर जब्त


