पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार, 17 अक्टूबर की शाम दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. उत्तर कोलकाता के चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत की खबर आ रही है. वहीं, कई लोगों के घायल होने की सूचना है.
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इसी दौरान तेज बारिश और बिजली कड़कने लगी. बारिश के बीच पंडाल में प्रवेश करने की कोशिश में भीड़ का दबाव बढ़ गया. इसी दौरान अफरा-तफरी मच गई और कई लोग गिर पड़े.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंडाल के प्रवेश या निकास द्वार की संरचना का एक हिस्सा भी ढह गया था. इसके बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

17 लोगों की मौत की खबर, कई घायल
घटना के बाद घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया. खबर आ रही है कि हादसे में 17 लोगों की मौत हुई है. वहीं, 25 से अधिक लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाने की सूचना है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे. घायलों को अस्पताल पहुंचाने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. घटना के बाद पंडाल में श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया और रोशनी भी बंद कर दी गई.
हादसे के बाद पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, सुरक्षा इंतजामों में कोई चूक हुई या नहीं और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
Also Read : मजबूत लोकतंत्र वह, जहां जनता सरकार से सवाल पूछ सके: डीके शिवकुमार


