Giridih : गिरिडीह में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनन विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आठ अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा किया गया बालू भी पकड़ा गया है।
छापेमारी के दौरान मटरुखा पंचायत से पीरटांड़ जाने वाले फतेहपुर पुल के पास तीन बालू लदे ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं पालमो पंचायत और बंदरकूपी इलाके से दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। इसके अलावा बराकर क्षेत्र से भी तीन अन्य ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही बालू तस्कर अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
अधिकारियों की टीम जब महतोडीह क्षेत्र में पहुंची तो वहां सैकड़ों ट्रैक्टरों के बराबर अवैध बालू का डंप मिला। यह देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। इसके बाद पालमो और बराकर नदी क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
जानकारी के मुताबिक, सदर प्रखंड के मटरुखा, हजारीबाद रोड, पीरटांड़ और गिरिडीह-डुमरी मुख्य सड़क के बराकर नदी तट से लंबे समय से अवैध रूप से बालू निकाला जा रहा है। इस बालू को ट्रैक्टरों के जरिए धनबाद जिले तक पहुंचाया जाता है।
खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं और मटरुखा समेत आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर बालू का अवैध डंप मिला है।
उन्होंने साफ कहा कि इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने कहा कि अवैध बालू तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस धंधे में शामिल दोषियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read :चाईबासा: मंगला हाट में शेड गिरते ही मचा हड़कंप, बाजार में भगदड़


